रायपुर। सरगुजा जिला वुडबॉल संघ के खिलाड़ियों ने भोपाल में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वुडबॉल प्रतियोगिता 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सरगुजा जिले को गौरवान्वित किया है। संघ के खिलाड़ी संदीप सिन्हा और साक्षी कुमारी ने संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा का प्रतिनिधित्व करते हुए मिक्स डबल स्ट्रोक इवेंट में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों ने पूरे आत्मविश्वास और तकनीकी दक्षता के साथ मुकाबले खेले, जिसका परिणाम सिल्वर मेडल के रूप में सामने आया। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से सरगुजा के खिलाड़ी वुडबॉल प्रतियोगिताओं में निरंतर पदक जीत रहे हैं, जो नियमित प्रशिक्षण और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है। संदीप सिन्हा और साक्षी कुमारी वर्तमान में के.आर. टेक्निकल कॉलेज में अध्ययनरत हैं।
प्रतियोगिता में प्रीतम जायसवाल, प्रियांशु कुशवाहा, दीपक, निखिल गुप्ता और निशांत भगत ने भी पुरुष वर्ग में बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि महिला वर्ग में अंजिल प्रीति टोप्पो, स्नेहा जायसवाल, श्रीजल जायसवाल, मोनालिसा तिग्गा और उर्मिला एक्का ने सराहनीय खेल दिखाया। वहीं, सरगुजा के राष्ट्रीय रेफरी रजत सिंह और आकाश दुबे ने निर्णायक की भूमिका निभाई, जिनका आयोजकों द्वारा सम्मान भी किया गया।

