भिलाई के साईं मंदिर में नकाबपोश बदमाशों ने की चोरी, गार्ड से की मारपीट, सोने-चांदी का मुकुट और दान पेटी की नकदी लेकर फरार

भिलाई के साईं मंदिर में नकाबपोश बदमाशों ने की चोरी, गार्ड से की मारपीट, सोने-चांदी का मुकुट और दान पेटी की नकदी लेकर फरार

भिलाई के सेक्टर-6 स्थित साईं मंदिर में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात चोरी की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, करीब सात नकाबपोश बदमाश मंदिर परिसर में घुसे और गार्ड को बंधक बनाकर मारपीट की। इसके बाद उन्होंने साईं बाबा की मूर्ति पर रखे सोने-चांदी के मुकुट और दान पेटी से नकदी उठाकर फरार हो गए।

गार्ड ने बताया कि बदमाश अचानक उसके पास आए, हाथ-पैर बांध दिए, आंख पर कपड़ा बांधा और नाक दबाई। डंडे से पिटाई की गई और कुर्सी से गिराकर तीन बार पटका गया। मारपीट के बाद गार्ड बेहोश हो गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

बताया गया कि चोरों ने मंदिर के गेट का ताला तोड़कर प्रवेश किया। दान पेटी का ताला तोड़कर नकदी निकाली गई और साईं बाबा के मुकुट व चरण पादुका भी चोरी कर लिए गए। मंदिर परिसर में कई ताले टूटे और दरवाजों को नुकसान पहुंचा। बड़ी छत्री को भी तोड़ा गया, लेकिन भारी होने के कारण वह चोरी नहीं कर सके।

सुबह जैसे ही घटना की जानकारी मिली, मंदिर प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। भिलाई नगर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची, साथ ही एसएसपी विजय अग्रवाल ने भी निरीक्षण किया। डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल का दौरा किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

प्रारंभिक जांच में मंदिर के पीछे कुछ घरों में भी चोरी की कोशिश की गई, जबकि सात नकाबपोश बदमाशों के शामिल होने की पुष्टि हुई है। भिलाई नगर के सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Read More : रायपुर में नशे के अवैध कारोबारियों पर पुलिस की कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में गांजा, देशी कट्टा और नशीली गोलियां बरामद


Related Articles