Bilaspur Robbery Case बिलासपुर में दिनदहाड़े एक बदमाश ने चलती स्कूटी से महिला का पर्स लूट लिया, जिसमें मोबाइल, 4500 रुपए नकद और जरूरी दस्तावेज शामिल थे। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्कूटी, मोबाइल और कैश बरामद कर लिया है। यह घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
टीआई देवेश राठौर के अनुसार, तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीखुर्द सतबहनिया मंदिर के पास रहने वाली चट्रती रीता राव सोमवार को अपनी स्कूटी CG10 AP 2103 से टैगोर चौक के पास एक होटल में आयोजित समारोह में शामिल होने जा रही थीं। उनके साथ उनकी 12 वर्षीय बेटी और 19 वर्षीय भतीजी भी थीं। जैसे ही वे होटल के पास पहुँचीं, पीछे से आ रही स्कूटी पर सवार युवक ने पीछे बैठी भतीजी से पर्स झपट लिया और तेजी से भाग गया।
महिला तुरंत कोतवाली थाने पहुंची और घटना की जानकारी दी। लूटे गए पर्स में मोबाइल, 4500 रुपए कैश और घर व आलमारी की चाबियां होने की सूचना दी गई। पुलिस ने झपटमारी का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में आरोपी की पहचान हुई और मुखबिरों की मदद से उसे टिकरापारा स्थित अटल आवास के सामने गिरफ्तार किया गया। आरोपी सौरभ पासी के कब्जे से लूट का पैसा, मोबाइल और चाबियां बरामद की गई हैं। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।

