रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में विश्वविख्यात महानाट्य ‘जाणता राजा’ का भव्य समापन, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल रहे मौजूद

रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में विश्वविख्यात महानाट्य ‘जाणता राजा’ का भव्य समापन, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल रहे मौजूद

Jaanta Raja Raipur Event News रायपुर। राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक साइंस कॉलेज ग्राउंड में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग द्वारा आयोजित विश्वविख्यात महानाट्य जाणता राजा का भव्य समापन समारोह गरिमा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। समापन अवसर पर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान कृषि मंत्री रामविचार नेताम, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर तथा आदिम जाति विकास विभाग के सचिव सोनमणि बोरा भी मौजूद थे।

महान मराठा सम्राट छत्रपति शिवाजी महाराज के अद्वितीय शौर्य, रणनीति, राष्ट्रभक्ति और लोककल्याणकारी शासन पर आधारित इस ऐतिहासिक प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। भव्य मंच सज्जा, सजीव अभिनय, प्रभावशाली प्रकाश एवं ध्वनि संयोजन और ऐतिहासिक दृश्यों की जीवंत प्रस्तुति ने इतिहास के स्वर्णिम अध्यायों को साकार कर दिया। इस विश्वप्रसिद्ध नाट्यकृति की संकल्पना सुप्रसिद्ध रंगकर्मी बाबासाहेब पुरंदरे द्वारा की गई थी, जिसने दशकों से देश-विदेश में दर्शकों को भारतीय इतिहास से जोड़ा है।

संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि ‘जाणता राजा’ केवल एक नाटक नहीं, बल्कि स्वराज, स्वाभिमान और सुशासन की प्रेरक गाथा का सजीव दर्शन है। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज का जीवन युवाओं के लिए आज भी प्रेरणा का अक्षय स्रोत है और उनके आदर्श साहस, संगठन तथा राष्ट्रभक्ति का संदेश देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पर ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों का होना गर्व का विषय है और राज्य सरकार संस्कृति एवं विरासत के संरक्षण-संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है।

मंत्री ने आयोजन की सफलता के लिए छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग, कलाकारों, तकनीकी टीम और सभी सहयोगियों को बधाई दी तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहन देने की बात कही। समापन अवसर पर पूरा परिसर “जय भवानी, जय शिवाजी” के उद्घोष से गूंज उठा और वातावरण राष्ट्रभाव से ओतप्रोत हो गया।

Read More : दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी में इन 19 कार्यकर्ताओं को मिला स्थान, अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने जारी की नई कार्यकारिणी सूची, देखें


Related Articles