Patan Political News पाटन। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुमोदन के बाद दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने अपनी नई टीम का गठन किया है। जारी सूची में पाटन एवं जामगांव आर क्षेत्र के 19 कार्यकर्ताओं को विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी दी गई है। बताया जा रहा है कि गठन प्रक्रिया में क्षेत्रीय संतुलन और सामाजिक सामंजस्य का विशेष ध्यान रखा गया है।
दुर्ग जिला ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ठाकुर स्वयं पाटन के धौराभाटा ग्राम के निवासी हैं। उन्होंने जिले के वरिष्ठ नेताओं से रायशुमारी और अनुमोदन के पश्चात टीम की घोषणा की। नई कार्यकारिणी को क्षेत्र और समाज के हिसाब से संतुलित और प्रभावी माना जा रहा है।
उपाध्यक्ष पद पर जय प्रकाश चंद्राकर (बोरवाय निवासी) को स्थान दिया गया है, जो पूर्व में जिला पंचायत सदस्य की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। महेंद्र वर्मा (ग्राम देवादा निवासी), जो पाटन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रह चुके हैं, को भी महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। उनकी पत्नी ग्राम सरपंच रह चुकी हैं और वर्तमान में विपरीत परिस्थितियों में जनपद सदस्य निर्वाचित हुई हैं। तरुण बिजौर, पाटन नगर निवासी, सरल स्वभाव के लिए जाने जाते हैं और पूर्व में चर्म शिल्प आयोग के अध्यक्ष रहते हुए समाजहित में कार्य कर चुके हैं।
महामंत्री पद पर पुरुषोत्तम तिवारी को जिम्मेदारी मिली है, जिनकी राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में अच्छी पकड़ बताई जाती है। जयश्री वर्मा, ग्राम सेलूद निवासी, पूर्व सरपंच एवं जिला पंचायत सदस्य रह चुकी हैं। उनके पति जवाहर वर्मा कुर्मी समाज के अध्यक्ष और पूर्व में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। पालेश्वर ठाकुर, ग्राम मर्रा के पूर्व सरपंच, युवा कांग्रेस से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ता हैं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
इसके अलावा सचिव पद पर राजा राम गहिरवार, डूलेश्वर साहू (मटंग), पवन पटेल, धर्मेंद्र साहू, ओम नारायण वर्मा, नारायण निषाद और लोचन यादव को जिम्मेदारी दी गई है। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में जागृति साहू, कल्याण साहू (अमलेश्वर डीह), सुरेंद्र गायकवाड (पूर्व सरपंच महका), संगीता ठाकुर, श्यामाचरण मनहर (चिचा) और जनार्दन सेन (ग्राम केसरा) को स्थान मिला है। नई टीम से संगठन को मजबूती मिलने और क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

