रायपुर। लखनलाल देवांगन ने नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र में 1 करोड़ 58 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शुभारंभ किया। उन्होंने वार्ड क्रमांक 17 और 19 में मंगल भवन व सामुदायिक भवन निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 34 दादरखुर्द बस्ती में सड़क डामरीकरण कार्य की शुरुआत की। इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पार्षद नरेंद्र देवांगन सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा वार्ड क्रमांक 17 ढोढ़ीपारा भैंसखटाल में काली मंदिर के समीप 20 लाख रुपये की लागत से मंगल भवन का निर्माण कराया जाएगा। वहीं वार्ड क्रमांक 19 ढोढ़ीपारा के सामने स्थित बस्ती में 20 लाख रुपये की लागत से क्षत्रिय राठौर समाज की मांग पर सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा, जिसका विधिवत शुभारंभ किया गया। इसके अतिरिक्त वार्ड क्रमांक 34 दादर क्षेत्र में कंकालिन मंदिर से जगन्नाथ मंदिर होते हुए मुख्य द्वार तक 1 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से सड़क डामरीकरण कार्य कराया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री देवांगन ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए वे प्रतिबद्ध हैं और जनता की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंगल भवन और सामुदायिक भवन के निर्माण से स्थानीय निवासियों को पारिवारिक, सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए सुविधायुक्त स्थल उपलब्ध होगा, जो लंबे समय से क्षेत्र की मांग रही है।
उन्होंने कहा कि विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रधानमंत्री की गारंटी को समय-सीमा में पूरा कर रही है और समाज के सभी वर्गों के हित में कार्य कर रही है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से गरीब, किसान, मजदूर, युवा और महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं।
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि मंत्री देवांगन के मार्गदर्शन में कोरबा में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और वर्षों से लंबित समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम के सभी वार्डों और बस्तियों में स्थानीय जरूरतों के अनुरूप बड़े पैमाने पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

