छत्तीसगढ़ में खनिज प्रशासन होगा मजबूत, नव चयनित निरीक्षकों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सौंपे नियुक्ति पत्र

छत्तीसगढ़ में खनिज प्रशासन होगा मजबूत, नव चयनित निरीक्षकों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सौंपे नियुक्ति पत्र

रायपुर। विष्णु देव साय ने बुधवार को अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित नव नियुक्त खनि निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खनिज संपदा से समृद्ध छत्तीसगढ़ के विकास में खनिज प्रशासन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और मैदानी अमले को ईमानदारी व निष्ठा के साथ कार्य करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने नव चयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि युवाओं पर ही प्रदेश और देश का भविष्य निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि खनिज विभाग में नई नियुक्तियों से विभागीय कार्यबल मजबूत होगा और खनिज अन्वेषण व खनन गतिविधियों को गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करते हुए खनिज प्रशासन को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ लौह अयस्क, कोयला, बॉक्साइट, लाइमस्टोन, टिन, हीरा, सोना और लिथियम सहित अनेक खनिज संपदाओं से परिपूर्ण है। खनिज राज्य के राजस्व का प्रमुख स्रोत हैं और सरकार राजस्व वृद्धि के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने नव नियुक्त खनि निरीक्षकों को खनिज राजस्व बढ़ाने तथा संसाधनों के संरक्षण और सुव्यवस्थित उपयोग में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

उल्लेखनीय है कि आयोग द्वारा 15 अक्टूबर 2025 को 33 खनि निरीक्षकों की चयन सूची जारी की गई थी। खनिज साधन विभाग ने 19 फरवरी 2026 को 32 खनि निरीक्षकों की नियुक्ति आदेश जारी किए, जिनमें से 30 अधिकारियों को मुख्यमंत्री द्वारा नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, सचिव पी. दयानंद, संचालक भौमिकी एवं खनिकर्म रजत बंसल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


Related Articles