RisalI Road Safety Campaign : रिसाली में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा वीरांगना टीम ने ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। हर दिन सामने आ रही दुर्घटनाओं की घटनाओं और परिवार के मुखिया या युवाओं की असामयिक मृत्यु की खबरों को गंभीरता से लेते हुए महिलाओं ने लोगों को यातायात नियमों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
राजेंद्र पार्क में आयोजित फ्लॉवर शो के दौरान वीरांगना टीम ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को समझाया कि जीवन अनमोल है और घर पर परिवार उनका इंतजार करता है। अभियान के तहत वाहन चालकों से तेज रफ्तार से वाहन न चलाने, हेलमेट पहनकर ही घर से निकलने, कॉल आने पर वाहन रोककर बात करने, जल्दबाजी से बचने और सीट बेल्ट को सुरक्षा की पहली शर्त मानने की अपील की गई। साथ ही जहां बच्चे खेल रहे हों या पैदल चल रहे हों, वहां वाहन की रफ्तार कम रखने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम को ट्रैफिक विभाग का भी पूरा सहयोग मिला। इस दौरान पार्क में मौजूद नागरिकों को गुलाब का फूल भेंट कर जागरूकता संदेश दिया गया और हेलमेट भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कन्या संयोजिका सस्कृति वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष किरन सिंह, संध्या सिंह चंदेल, रिंकी सिंह, रचना सिंह, अनीता सिंह, प्रभा सिंह, अंजली बिषेन, रेखा जूथिका, सुषमा सिंह, दिलीप सिंह, कविता सिंह, अनीमा सिंह और सुनीता मुर्कुटे सहित कई सदस्य उपस्थित रहीं।
जिला अध्यक्ष ललिता सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटना का असर केवल एक व्यक्ति पर नहीं बल्कि पूरे परिवार पर पड़ता है। उन्होंने बताया कि संगठन आगे भी इस तरह के जागरूकता अभियान लगातार चलाता रहेगा।

