Pali Mahotsav 2026 रायपुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ऐतिहासिक नगरी पाली में पाली महोत्सव 2026 का शुभारंभ भव्य धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के साथ हुआ। शाम लगभग 7 बजे पाली शिव मंदिर घाट पर आयोजित शिव आरती, दीपोत्सव और आकर्षक आतिशबाजी ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में सरोवर और मंदिर परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा, जहां आस्था और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, श्रम, उद्योग, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में हुआ। दीपोत्सव के दौरान गंगा आरती और धूप आरती का आयोजन किया गया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया। मंत्री देवांगन सहित अन्य अतिथियों ने पाली के ऐतिहासिक शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल, नगर पंचायत पाली अध्यक्ष अजय जायसवाल तथा ग्राम पंचायत केराझरिया की सरपंच गिरजा सत्यनारायण पैंकरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

