Amlidih Cricket News : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पाटन ब्लॉक के ग्राम अमलीडीह में खेल और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां आयोजित भव्य टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हुआ, जिसमें क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि युवा सरपंच रवि सिंगौर ने पिच पर पूजा-अर्चना कर टूर्नामेंट की शुरुआत की और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल हमें अनुशासन, टीम वर्क और नेतृत्व की सीख देते हैं। उद्घाटन मुकाबला डुमरडीह और भाठागांव के बीच खेला गया, जो बेहद रोमांचक रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए डुमरडीह की टीम ने निर्धारित 6 ओवरों में 80 रनों का मजबूत लक्ष्य खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भाठागांव की टीम ने भरपूर प्रयास किया, लेकिन सटीक गेंदबाजी और बेहतरीन फील्डिंग के चलते वे लक्ष्य हासिल नहीं कर सके। इस तरह डुमरडीह ने उद्घाटन मैच में शानदार जीत दर्ज की।
कार्यक्रम के दौरान गोकुल साहू (सरपंच प्रतिनिधि), गजेंद्र मानिकपुरी (सरपंच प्रतिनिधि), कामदेव कौसले (पूर्व सरपंच), खेमचंद जोशी (पंच) और रग्गू ढीवर सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता ने क्षेत्र में खेल भावना और सामाजिक एकता को और मजबूत किया।

