Durg Accident News दुर्ग। जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत उमदा रोड पर सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे युवक की जान बाल-बाल बच गई, हालांकि वह घायल हो गया है।
जानकारी के अनुसार, सुरडुंग निवासी निलेश कुर्रे अपने साथी भीमा के साथ बाइक से घर लौट रहा था। दोपहर करीब 3 बजे अचानक सड़क पर एक गाय आ गई, जिससे बाइक गाय से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक सवार संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पास से गुजर रहे एक ट्रक के पिछले पहिए के नीचे निलेश कुर्रे आ गया, जिससे उसका सिर बुरी तरह कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि गाय से टकराने के बाद बाइक सवार सड़क पर गिरते हैं और ट्रक की चपेट में आ जाते हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक उमदा स्थित शराब भट्टी से शराब पीकर लौट रहे थे। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे युवक भीमा घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुरानी भिलाई थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Read More : छत्तीसगढ़ में 6 हजार जोड़े शादी के बंधन में बंधे, गरियाबंद में 4 सरेंडर नक्सलियों ने लिए सात-फेरे

