Raipur Land Mafia रायपुर। रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने अमलीडीह से होकर वीआईपी रोड स्थित राजा राम नाले के किनारे एक एकड़ शासकीय भूमि और नाले पर अवैध कब्जे को लेकर नगर निगम एवं जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में अब तक की गई कार्रवाई केवल औपचारिकता बनकर रह गई है।
नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने बताया कि उन्होंने 30 दिसंबर 2025 को नगर निगम आयुक्त विश्वदीप को पत्र लिखकर उक्त शासकीय भूमि, डबरी और नाले में हो रहे बेजा कब्जे की शिकायत की थी। शिकायत के बाद नगर निगम आयुक्त द्वारा रायपुर एसडीएम को सीमांकन कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद सीमांकन रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई।
उन्होंने बताया कि 2 फरवरी 2026 को पुनः सीमांकन रिपोर्ट की प्रति मांगने के लिए आयुक्त को पत्र लिखा गया, लेकिन अब तक कोई रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई। इसी बीच समाचार पत्रों के माध्यम से अवैध कब्जे पर कार्रवाई की खबर सामने आई, जिसके बाद नेता प्रतिपक्ष ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कार्रवाई के नाम पर केवल एक छोटी दीवार तोड़ी गई है, जबकि नाले की दिशा और अवैध कब्जे की स्थिति जस की तस बनी हुई है। आकाश तिवारी ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई सिर्फ दिखावे और खानापूर्ति तक सीमित है। उन्होंने कहा कि यदि कोई आम नागरिक अपनी खरीदी हुई जमीन पर निगम से नक्शा पास कर घर बनाता है और थोड़ा सा भी अतिक्रमण हो जाए, तो तत्काल तोड़फोड़ की कार्रवाई कर दी जाती है। लेकिन शहर के पॉश इलाके में खुलेआम शासकीय भूमि और नाले पर कब्जा हो रहा है और प्रशासन चुप्पी साधे हुए है।
नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाया कि क्या राजधानी रायपुर को भूमाफियाओं के लिए चारागाह बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की बेशकीमती सरकारी भूमि पर कब्जा हो रहा है और यह सब शासन-प्रशासन की जानकारी में होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही।
आकाश तिवारी ने मांग की कि सीमांकन रिपोर्ट तत्काल सार्वजनिक की जाए, अवैध कब्जा करने वाले भूमाफियाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए और शासकीय भूमि व नाले को चिन्हित कर ईंटों से घेराबंदी कर सुरक्षित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम और जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई नहीं की, तो इस मुद्दे पर सड़क से सदन तक आंदोलन किया जाएगा।

