Surajpur Pension Scheme Beneficiaries : सूरजपुर में 70 हजार से अधिक हितग्राहियों को पेंशन, समाज कल्याण विभाग की योजनाओं से आत्मनिर्भरता की ओर कदम

Surajpur Pension Scheme Beneficiaries : सूरजपुर में 70 हजार से अधिक हितग्राहियों को पेंशन, समाज कल्याण विभाग की योजनाओं से आत्मनिर्भरता की ओर कदम

Surajpur Pension Scheme Beneficiaries रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन का समाज कल्याण विभाग समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद नागरिकों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से निरंतर प्रभावी कार्य कर रहा है। सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता की भावना के साथ संचालित विभिन्न योजनाओं से वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, विधवाओं, निराश्रितों एवं वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

सूरजपुर जिले में सामाजिक सहायता पेंशन योजना के तहत 70,014 हितग्राहियों को नियमित रूप से पेंशन का लाभ प्रदान किया जा रहा है। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण प्रणाली के माध्यम से पेंशन राशि सीधे हितग्राहियों के खातों में भेजी जा रही है, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित हुई है।

दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में भी ठोस कदम उठाए गए हैं। जिले में अब तक 5,230 दिव्यांगजनों को विशिष्ट दिव्यांग पहचान पत्र जारी किए जा चुके हैं। इसके साथ ही 546 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे उनकी दैनिक गतिविधियों में आत्मनिर्भरता बढ़ी है। विशेष विद्यालयों और पुनर्वास केंद्रों के विस्तार से शिक्षा एवं पुनर्वास की बेहतर सुविधाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।

वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का जिले में प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। वहीं सियान हेल्पलाइन केंद्र के माध्यम से बुजुर्गों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त वृद्धाश्रम एवं नशामुक्ति देखभाल गृहों के माध्यम से निराश्रित और उपेक्षित व्यक्तियों को आश्रय, पहचान और पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

समाज कल्याण विभाग की ये योजनाएं जरूरतमंद वर्गों के जीवन में न केवल आर्थिक सहारा प्रदान कर रही हैं, बल्कि उन्हें सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन जीने का अवसर भी दे रही हैं।

Read More : गलत प्रस्तुतीकरण कर छूट लेने की कोशिश पर छत्तीसगढ़ रेरा की सख्त कार्रवाई, प्रमोटरों पर लगाया 10 लाख का जुर्माना


Related Articles