Raipur News: छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ की वार्षिक आमसभा 27 सितंबर को, एक साल के सामाजिक सफर और आगामी कार्ययोजना पर होगा मंथन

Raipur News: छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ की वार्षिक आमसभा 27 सितंबर को, एक साल के सामाजिक सफर और आगामी कार्ययोजना पर होगा मंथन

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के वर्तमान कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर 27 सितंबर को राजधानी रायपुर में प्रथम वार्षिक सम्मेलन एवं आमसभा आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, जी.ई. रोड, साइंस कॉलेज परिसर में सुबह 11 बजे से होगा। इसमें प्रदेशभर के पदाधिकारी, आजीवन सदस्य और सामाजिक प्रतिनिधि शामिल होंगे।

आमसभा की तैयारियों और एजेंडे की जानकारी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू ने टिकरापारा स्थित भामाशाह छात्रावास में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में पिछले एक वर्ष के सामाजिक और संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा की जाएगी।

बैठक में संगठन का आय-व्यय विवरण और वित्तीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही एकीकृत नियमावली में संशोधन के प्रस्तावों पर चर्चा होगी। परिवार संस्कार कार्यशालाओं को प्रदेश के गांवों और परिवारों तक पहुंचाने की रणनीति पर भी मंथन किया जाएगा। संगठन की ओर से परिवार में संवाद, बच्चों में संस्कार, बुजुर्गों के सम्मान, युवाओं के मार्गदर्शन और सामाजिक एकता को मजबूत करने को प्राथमिकता देने की बात कही गई है।

आमसभा में धर्मांतरण और लव जिहाद से जुड़े विषयों पर भी चर्चा प्रस्तावित है। संगठन के अनुसार इन विषयों को लेकर जागरूकता बढ़ाने, परिवारों और युवाओं के साथ संवाद करने तथा सामाजिक-सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने के उपायों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू और विधायक मोतीलाल साहू सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों की उपस्थिति प्रस्तावित है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष साधना साहू, प्रदेश महामंत्री उधो राम साहू, प्रदेश कोषाध्यक्ष गोपाल साहू, युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक शशिकांत साहू, प्रदेश महामंत्री युवा प्रकोष्ठ रोबिन साहू और हर्ष साहू, मीडिया प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक दिलीप साहू, प्रदेश महामंत्री अशोक कुमार साहू और रायपुर संभाग अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ मनीष साहू सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


Related Articles