Raipur Crime News : राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में 8 साल की नाबालिग बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्ची सिग्नल पर लोगों से पैसे मांगकर अपने परिवार का गुजारा करती थी। बुधवार रात करीब 9:30 बजे वह अन्य बच्चों के साथ तेलीबांधा स्थित सिग्नल पर मौजूद थी। इसी दौरान स्विफ्ट कार में सवार आरोपी नवीन (21) ने खाना खिलाने का झांसा देकर बच्ची को कार में बैठा लिया।
आरोपी बच्ची को VIP रोड की ओर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। जब देर रात तक बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसीसीयू और तेलीबांधा थाना पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच शुरू की।
लगातार निगरानी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात करीब 3 से 4 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। रायपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी जल्द ही पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा करेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले भी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया था। वहां 65 वर्षीय आरोपी ने बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर कई दिनों तक शोषण किया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने राजधानी की कानून-व्यवस्था और बाल सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Read More : चाइनीज मांझे से मौत हुई तो मर्डर केस चलेगा, सीएम योगी ने पुलिस को पूरे प्रदेश में छापेमारी के आदेश दिए

