रायगढ़ जिले में एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपनी ही बहन और जीजा की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस मारपीट में दोनों के चेहरे और शरीर पर चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि यह विवाद उधार लिए गए 10 हजार रुपये वापस न करने को लेकर हुआ। घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बटुराकछार निवासी मेहतरीन बाई यादव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि उसकी शादी सामाजिक रीति-रिवाज से क्रोंधा निवासी महावीर यादव से हुई थी। शादी के एक साल बाद दोनों बटुराकछार में मकान बनाकर रहने लगे। मेहतरीन बाई का मायका उसके घर से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर है।
पीड़ित ने पत्नी के भाई से लिया 10 हजार रुपए
कुछ समय पहले महावीर यादव ने घरेलू काम के लिए अपनी पत्नी के भाई दिनेश यादव से 10 हजार रुपये उधार लिए थे। इसके बाद वह मजदूरी करने टेंडा नवापारा चला गया था। शनिवार रात करीब 8 बजे दिनेश यादव अपने साथियों मान सिंह चौहान और होरी सिंह चौहान के साथ उनके घर पहुंचा और उधार के पैसे वापस मांगने लगा।
इस पर मेहतरीन बाई ने बताया कि उसके पति काम पर गए हैं और आने के बाद पैसे लौटा देंगे। यह कहकर उसने अपने पति को मोबाइल पर फोन कर बुलाया। जब महावीर यादव वहां पहुंचा, तो दिनेश और उसके साथियों ने पैसे मांगते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से जमकर मारपीट की।
पत्नी ने बचाव किया, तो उसे भी पीटा
जब भाई और पति के बीच विवाद हो रहा था, तो मेहतरीन बीच-बचाव करने पहुंची। इस पर उसके भाई ने अपनी ही बहन के साथ भी मारपीट कर दी। मारपीट में पति-पत्नी दोनों के चेहरे, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
घटना के बाद महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

