छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में दीपावली के खर्चों के लिए चोरी करने पहुंचे दो ग्रेजुएट युवकों ने गांव की एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। दोनों आरोपी देर रात महिला के घर चोरी करने पहुंचे थे, लेकिन महिला के जागने और शोर मचाने पर गला दबाकर मार डाला। हत्या के बाद वारदात को सामान्य मौत दिखाने के लिए आरोपियों ने शव को बिस्तर पर रख दिया और चारों ओर मच्छरदानी लगा दी। इसके बाद वे महिला के गले की चांदी की चेन और टॉप्स लेकर फरार हो गए। मामला रनचिरई थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों के पास दिवाली मनाने के पैसे नहीं थे। इसलिए उन्होंने एक रात पहले ही चोरी की प्लानिंग की थी। आरोपियों में एक युवक व्यापमं की तैयारी कर रहा था। दूसरा अपना काम देख रहा था। मर्डर के बाद दोनों डर गए थे। घटना वाली रात दोनों ने मोबाइल पर भजन भी सुना।
कान से टॉप्स खींचकर निकाला
ग्राम पाउवारा की रहने वाली पुनवंतीन देशलहरे (70 साल) अपने पुराने मकान में अकेली रहती थीं। उनका परिवार नए घर में शिफ्ट हो चुका था। हमेशा की तरह 7 अक्टूबर की सुबह जब बेटा ओमप्रकाश देशलहरे अपनी मां से मिलने पुराने घर पहुंचा, तो देखा कि दरवाजा अंदर से बंद है। दीवार फांदकर जब अंदर पहुंचा तो मां का शव बिस्तर पर पड़ा था। पहले तो परिवार ने इसे सामान्य मौत समझा, तभी किसी की नजर बुजुर्ग महिला के कान पर गई। कान पर खरोंच के निशान थे और टॉप्स गायब थे। संदेह गहराने पर ओमप्रकाश ने तुरंत रनचिरई पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पाया कि एक कान में खरोंच से खून निकला हुआ है और गले से चांदी की चेन भी गायब है। घर की तलाशी में पीछे की ओर मिट्टी की दीवार का एक हिस्सा गिरा हुआ मिला, जिससे अंदेशा हुआ कि आरोपी वहीं से अंदर घुसे होंगे।
जांच के बाद पकड़ाए आरोपी
मामले की जांच में पुलिस ने जब लोकेशन, CDR और सेल लॉग खंगाले तो पता चला कि रातभर पूरे गांव में सिर्फ दो युवकों के मोबाइल एक्टिव थे। इसी आधार पर पुलिस ने पड़ोसी भूपेश चंदेल उर्फ लल्ला (28 साल) और विनोद कुमार दिवाकर उर्फ चोटी (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ में जुर्म कबूलने के बाद चोरी की गई चांदी की चेन और टॉप्स बरामद कर लिए गए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि पुनवंतीन देशलहरे की गला दबाकर हत्या की गई थी।

