अंबिकापुर में 65 लाख का राशन घोटाला, गरीबों के हक का चावल, चना और शक्कर बेचने का आरोप, भाजपा नेता की शिकायत पर FIR दर्ज

अंबिकापुर में 65 लाख का राशन घोटाला, गरीबों के हक का चावल, चना और शक्कर बेचने का आरोप, भाजपा नेता की शिकायत पर FIR दर्ज

Ambikapur Ration Scam: अंबिकापुर में सरकारी राशन वितरण प्रणाली की पोल खुल गई है। यहां गरीबों के हक का राशन खुलेआम बाजार में बेचा जा रहा था। जांच में सामने आया कि लगभग ₹65 लाख का चावल, चना और शक्कर का घोटाला किया गया है।

यह खुलासा तब हुआ जब भाजपा नेता आलोक दुबे ने मामले की शिकायत कलेक्टर अजीत वसंत से की। शिकायत के बाद कलेक्टर ने खाद्य विभाग के इंस्पेक्टर शिव कुमार मिश्रा को जांच का जिम्मा सौंपा।

भौतिक जांच में खुली पोल, राशन स्टॉक गायब

फूड इंस्पेक्टर की रिपोर्ट के अनुसार, जनकल्याण खाद्य सुरक्षा पोषण एवं उपभोक्ता सेवा सहकारी समिति द्वारा संचालित सरकारी दुकानों में स्टॉक के हिसाब से राशन उपलब्ध नहीं था। दुकानों में दर्ज राशन की तुलना में वास्तविक मात्रा काफी कम मिली।

जांच में यह भी सामने आया कि लगभग 1631 क्विंटल चावल और 48 क्विंटल चना का हेरफेर किया गया है। वहीं शक्कर के स्टॉक में भी भारी गड़बड़ी पाई गई। अधिकारियों का मानना है कि यह राशन निजी दुकानों या राशन माफियाओं को बेचा गया था।

Read More : खैरागढ़ में दंपती की बेरहमी से हत्या, घर में मिला खून से लथपथ लाश, जांच में जुटी पुलिस

अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और चार विक्रेताओं पर FIR

जांच रिपोर्ट के आधार पर फूड इंस्पेक्टर शिव कुमार मिश्रा ने जनकल्याण सहकारी समिति के अध्यक्ष पवन सिंह, उपाध्यक्ष सुनिता पैकरा, सहायक विक्रेता फरहान सिद्धीकी, प्रिंस जायसवाल, सैफ अली और मुकेश यादव के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आवश्यक वस्तु अधिनियम और धारा 409 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

पुलिस की तीन टीमें बनीं, गिरफ्तारी की तैयारी शुरू

एफआईआर दर्ज होते ही पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया है। पहले ऐसी धाराओं में मामला दर्ज किया गया था जिनमें थाने से जमानत मिल सकती थी, लेकिन शिकायतकर्ता भाजपा नेता आलोक दुबे के हस्तक्षेप के बाद धारा 409 जोड़ी गई, जिससे मामला गंभीर हो गया।

अंबिकापुर में 62 सरकारी राशन दुकानों में से कई पर जांच की तैयारी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में और भी नाम इस घोटाले से जुड़ सकते हैं।


Related Articles