बीजापुर गर्ल्स हॉस्टल में 12वीं की छात्रा प्रेग्नेंट, पेट दर्द की जांच में खुला राज, कांग्रेस ने उठाए साय सरकार पर सवाल

बीजापुर गर्ल्स हॉस्टल में 12वीं की छात्रा प्रेग्नेंट, पेट दर्द की जांच में खुला राज, कांग्रेस ने उठाए साय सरकार पर सवाल

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में आदिवासी गर्ल्स हॉस्टल में रहकर पढ़ने वाली 12वीं की छात्रा प्रेग्नेंट हो गई है। वह 3 महीने की छुट्टी के बाद हॉस्टल लौटी थी। छात्रा को पेट में दर्द और चक्कर आने की शिकायत के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एडमिट कराया गया। जांच में पता चला कि वह साढ़े 3 महीने के गर्भ से है।

मामला भोपालपटनम थाना क्षेत्र का है। छात्रा को जिला अस्पताल बीजापुर रेफर किया गया था। जानकारी के मुताबिक छात्रा की मां ने इलाज नहीं कराने की जिद करके छात्रा को अपने साथ ले गई। फिलहाल, थाने में शिकायत दर्ज नहीं की गई है।

इधर हॉस्टल वार्डन का कहना है कि उनकी अभी पोस्टिंग हुई है। उन्हें इस मामले की ज्यादा जानकारी नहीं है। कांग्रेस विधायक विक्रम शाह मंडावी ने कहा कि साय सरकार में न आदिवासी सुरक्षित हैं, न महिलाएं सुरक्षित हैं और न ही आदिवासी छात्राएं। वहीं भाजपा ने कहा कि दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए।

जानिए क्या है पूरा मामला

10 जुलाई को छात्रा (17 साल) गर्मी छुट्टी के बाद घर से भोपालपटनम स्थित कन्या आश्रम पहुंची थी। आदिवासी छात्रा ने आश्रम में रहकर ही 11वीं की परीक्षा पास की है। 20 जुलाई को छात्रा को चक्कर आने और पेट में दर्द की शिकायत हुई। छात्रा को हॉस्टल वार्डन तोंडेश्वरी शेट्टी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपालपटनम में भर्ती कराया था।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ गोपी ने छात्रा का इलाज किया। जहां से छात्रा को बीजापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद छात्रा के साढ़े 3 महीने की गर्भवती होने की पुष्टि हुई।

छात्रा को अपने साथ ले गई मां- सिविल सर्जन

बीजापुर जिला अस्पताल की सिविल सर्जन डॉ. रत्ना ठाकुर ने बताया कि सोमवार को छात्रा को जिला अस्पताल लाया गया था। हमने एडमिट करने की प्रक्रिया पूरी कर ली थी। लेकिन छात्रा की मां ने इलाज नहीं कराने की जिद करके छात्रा को अपने साथ ले गई।

हॉस्टल वार्डन बोलीं- 12 दिन पहले पोस्टिंग हुई

मंडल संयोजक नंद कुमार मारकोंडा और हॉस्टल वार्डन तोंडेश्वरी शेट्टी ने बताया कि छात्रा 3 महीने की छुट्टी के बाद नए स्कूल सत्र में 10 जुलाई को हॉस्टल आई थी। जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। हॉस्टल वार्डन ने कहा कि उनकी आश्रम में अभी नई पोस्टिंग हुई। 10 जुलाई को ही उन्होंने हॉस्टल जॉइन किया है। उन्हें अभी यहां 12 दिन ही हुए हैं। मामले की जिम्मेदारी पुरानी हॉस्टल वार्डन की है।

जांच के बाद देंगे जानकारी- सहायक आयुक्त

सहायक आयुक्त आदिवासी विकास देवेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी ले रहे हैं। विस्तृत जानकारी के साथ मंडल संयोजक को बुलाया है। पूरी जानकारी के बाद आपको विस्तृत जानकारी दे पाऊंगा।

कांग्रेस विधायक बोले- साय सरकार में कोई सुरक्षित नहीं

बीजापुर से कांग्रेस विधायक विक्रम शाह मंडावी ने कि कहा कि भाजपा की विष्णुदेव साय की सरकार में कोई भी सुरक्षित नहीं हैं। न आदिवासी सुरक्षित हैं, न महिलाएं सुरक्षित हैं और न ही आदिवासी छात्राएं सुरक्षित हैं।

इस पूरे मामले में जो भी अधिकारी, कर्मचारियों की लापरवाही हैं, उन पर प्रशासन और सरकार को कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी इस मामले में आश्रम का दौरा कर पीड़िता से मुलाकात करेगी।

कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए- भाजपा

विधायक के आरोपों पर बीजापुर भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग ने कहा कि कांग्रेस सरकार में भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। गंगालूर में युवती के गर्भवती होने का मामला प्रकाश में आया था। भोपालपटनम वाले मामले में जो भी अधिकारी-कर्मचारी दोषी हैं, उनको बख्शा नहीं जाना चाहिए। कठोर कार्रवाई करनी चाहिए ताकि जिम्मेदार अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाए।


Related Articles