छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम का ‘विजन 2030’ पर आज कार्यशाला, वन आधारित उद्योगों के विशेषज्ञ होंगे शामिल

छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम का ‘विजन 2030’ पर आज कार्यशाला, वन आधारित उद्योगों के विशेषज्ञ होंगे शामिल

Chhattisgarh Van Vikas Nigam Vision 2030 रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम लिमिटेड द्वारा “विजन: 2030 – छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के लिए उच्च विकास व्यवसाय मॉडल का निर्माण” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन 14 मार्च को किया जाएगा। यह कार्यशाला नवा रायपुर स्थित अरण्य भवन के ऑडिटोरियम में आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यशाला का उद्देश्य छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के लिए सतत और उच्च विकास आधारित व्यवसाय मॉडल तैयार करने के लिए विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करना है। इसमें वन उत्पादों में मूल्य संवर्धन, वानिकी गतिविधियों का विविधीकरण, पारिस्थितिक पुनर्स्थापन, वन आधारित उद्योगों के साथ साझेदारी को मजबूत करना और वर्ष 2030 तक नए राजस्व स्रोतों की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

कार्यशाला में देश के विभिन्न राज्यों के वन विकास निगमों के प्रतिनिधि तथा वन आधारित उद्योगों के विशेषज्ञ भाग लेंगे और अपने अनुभव, श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों तथा नवाचार आधारित व्यवसाय मॉडल साझा करेंगे। इसके साथ ही, वन विकास निगमों के पूर्व प्रबंध संचालक (पूर्व एमडी) और पूर्व प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पूर्व पीसीसीएफ) भी इस कार्यशाला में शामिल होकर अपने-अपने अनुभव और सुझाव साझा करेंगे।

इस कार्यशाला से प्राप्त सुझावों और निष्कर्षों के आधार पर छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के लिए सतत वानिकी, हरित विकास और वन आधारित उद्यमों के विस्तार के लिए एक दीर्घकालिक रणनीतिक रोडमैप तैयार करने में सहायता मिलेगी।

Read More : छत्तीसगढ़ में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक, आम नागरिकों को अफवाहों से सतर्क रहने की सलाह


Related Articles