World Cup will be held in Rajgir: बिहार का राजगीर अब खेलों की दुनिया में अपनी खास पहचान बना रहा है। पिछले साल इस शहर ने महिला एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का सफल आयोजन किया था। अब एक और बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन की तैयारी पूरी हो चुकी है। इस बार राजगीर 1 से 10 जून तक महिला कबड्डी विश्व कप की मेजबानी करेगा। इस टूर्नामेंट के सफल संचालन के लिए एमेच्योर कबड्डी महासंघ और बिहार खेल राज्य प्राधिकरण के बीच आधिकारिक समझौता हो चुका है। इस मौके पर भारत की महिला कबड्डी टीम की कप्तान सोनाली विष्णु और उपकप्तान पुष्पा राणा की उपस्थिति ने आयोजन को और भी खास बना दिया। यह कदम महिला कबड्डी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक मजबूत पहल माना जा रहा है।
राजगीर में जुटेंगी 14 देशों की कबड्डी टीमें
राजगीर में होने वाला महिला कबड्डी वर्ल्ड कप स्टेट स्पोर्ट्स अकादमी में आयोजित किया जाएगा, जहां कुल 14 अंतरराष्ट्रीय टीमें अपने दमखम का प्रदर्शन करेंगी। भारत के अलावा इस टूर्नामेंट में ईरान, बांग्लादेश, नेपाल, थाईलैंड, नीदरलैंड्स, जापान, पोलैंड, अर्जेंटीना, हंगरी, जर्मनी, केन्या और यूगांडा की टीमें शिरकत करेंगी।
इस आयोजन को लेकर एमेच्योर कबड्डी महासंघ के सचिव जीतेंद्र प्राण सिंह ठाकुर और बिहार खेल राज्य प्राधिकरण के सीईओ रवीन्द्रन शंकरन के बीच एक अहम समझौता हुआ है, जिसके बाद इसकी आधिकारिक पुष्टि की गई।
बिहार को मिलेगा खेलों में नया मुकाम
राजगीर में होने वाले महिला कबड्डी विश्व कप की तैयारियां जोरों पर हैं। जानकारी के अनुसार दर्शकों के लिए बेहतरीन व्यवस्था की जा रही है। बिहार खेल राज्य प्राधिकरण के सीईओ रविन्द्रन शंकरन ने बताया कि टूर्नामेंट के सभी मैच दर्शकों के लिए निशुल्क होंगे, हालांकि टिकट के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होगा। वहीं जो दर्शक रजिस्ट्रेशन नहीं करा पाएंगे, उनके लिए मैदान के बाहर बड़ी स्क्रीन पर लाइव मैच दिखाने की व्यवस्था की जाएगी।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय कबड्डी महासंघ के निदेशक तेजस्वी सिंह गहलोत ने बिहार में खेलों की प्रगति की सराहना की और उम्मीद जताई कि राज्य के लोग महिला कबड्डी को पूरा समर्थन देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार की जूनियर कबड्डी टीम ने हाल ही में शानदार प्रदर्शन किया है और उम्मीद है कि सीनियर स्तर पर भी खिलाड़ी बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे।