रायपुर में महिला ने किया सुसाइड, शादी के बाद बच्चा नहीं होने से थी परेशान, परिजनों की सूचना के बाद पुलिस ने शुरू की जांच

रायपुर में महिला ने किया सुसाइड, शादी के बाद बच्चा नहीं होने से थी परेशान, परिजनों की सूचना के बाद पुलिस ने शुरू की जांच

Raipur Woman Suicide Case News राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबेडकर चौक में एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 36 वर्षीय पिंकी गुप्ता के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार पिंकी गुप्ता के पति सुरेश गुप्ता फेरी लगाकर बर्तन बेचने का काम करते हैं। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के निवासी हैं और लंबे समय से रायपुर में रह रहे थे। गुरुवार रात जब परिजन कमरे में पहुंचे तो पिंकी का शव पंखे से चुनरी के फंदे पर लटका मिला। परिजन तुरंत उसे नीचे उतारकर मेकाहारा अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि पिंकी और उसके पति की शादी को कई साल हो चुके थे, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी। इस बात को लेकर दोनों मानसिक तनाव में रहते थे। पुलिस इसे आत्महत्या का एक संभावित कारण मानकर जांच कर रही है।

घटना के बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने उस कमरे को फिलहाल लॉक कर दिया है, जहां यह घटना हुई। मृतका के मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और समय का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।


Related Articles