CG Weather: छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज: अगले 5 दिन आंधी-बारिश के आसार, 60 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

CG Weather: छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज: अगले 5 दिन आंधी-बारिश के आसार, 60 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

Chhattisgarh Weather Update: रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मौसम के बदले हुए मिजाज बने रहने की संभावना जताई है। शुक्रवार को रायगढ़ में अचानक तेज हवाएं चलने के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में शनिवार को बादल छाए रह सकते हैं। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और धूलभरी आंधी चलने के आसार हैं। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही बिजली गिरने और आंधी-बारिश की भी संभावना बनी हुई है। ऐसे मौसम में खुले स्थानों पर रहने और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव दर्ज नहीं किया गया। रायपुर और बिलासपुर सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पेंड्रारोड प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या धूलभरी आंधी चलने का अनुमान जताया है। शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।


Related Articles