IMD Weather Alert: नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 8 मई को देश के कई हिस्सों के लिए गंभीर मौसम चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, सक्रिय चक्रवातीय परिसंचरण और ट्रफ लाइनों के प्रभाव से उत्तर से दक्षिण तक आंधी, तूफान और बारिश का दौर जारी रहेगा।
IMD के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, देशभर में मानसून पूर्व गतिविधियां तेज हो गई हैं। दक्षिण भारत में भारी बारिश का सिलसिला जारी है, जबकि उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में तेज तूफान और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
उत्तराखंड में थंडरस्क्वॉल का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के लिए थंडरस्क्वॉल की चेतावनी जारी की है। यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। इसके साथ बारिश और बिजली चमकने की भी संभावना है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश
केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी बारिश की तीव्रता अधिक रहने की संभावना है।
पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में आंधी-बारिश
असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल में भी आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है।
मध्य भारत में भी असर
मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
13 मई तक ऐसा रहेगा मौसम
IMD के अनुसार, 10 मई से उत्तर-पश्चिम भारत में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 11 से 13 मई के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं और बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है।
दक्षिण भारत में केरल और तमिलनाडु में अगले 6 से 7 दिनों तक भारी बारिश और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। वहीं तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में भी अगले चार दिनों तक बारिश की संभावना है।
राजस्थान-गुजरात में लू का असर
बारिश के बीच राजस्थान और गुजरात के कई हिस्सों में 9 से 13 मई के बीच लू चलने की संभावना जताई गई है। वहीं महाराष्ट्र के कोंकण और गोवा क्षेत्र में 9 मई तक गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है।
मानसून की शुरुआती आहट
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 13 मई तक दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, दक्षिण बंगाल की खाड़ी और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआती गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। हालांकि फिलहाल इसकी संभावना कम बताई गई है।
IMD ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सावधानी बरतने की अपील की है।

