MP Weather Latest Update: भोपाल। नौतपा के दौरान लगातार आठ दिनों से मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है, जिसके चलते भीषण गर्मी और हीटवेव का असर लगभग समाप्त हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को नौतपा का अंतिम दिन है, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश के 45 जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) भोपाल के मुताबिक धार और बड़वानी जिलों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी चलने का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं आगर-मालवा और राजगढ़ जिलों में ओले गिरने की चेतावनी दी गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है।
आंधी-बारिश से कई जिलों में नुकसान
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया। देवास में तेज हवाओं के चलते कई पेड़ धराशायी हो गए और बिजली के पोल झुकने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। ग्राम सिया में कई मकानों के टीनशेड उड़ गए, जबकि माता टेकरी की लाइटें क्षतिग्रस्त हो गईं। रूपाखेड़ी के समीप मेरठी कंकड़ क्षेत्र में दीवार गिरने से एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए।
सीहोर जिले में भोपाल-इंदौर मार्ग पर कई पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित रहा। शाजापुर जिले के शुजालपुर क्षेत्र में बारिश और ओलावृष्टि के बीच कड़वाला गांव में एक नीम का पेड़ सवारी ऑटो पर गिर गया। हालांकि चालक समय रहते वाहन से बाहर निकल गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इंदौर-महू क्षेत्र में भी दिखा असर
महू की एक गोशाला में चल रही भागवत कथा के समापन समारोह के दौरान अचानक आई आंधी से टेंट उड़ गया और भंडारे का सामान बिखर गया। वहीं इंदौर के राऊ क्षेत्र में तेज हवाओं के कारण एक बड़ा होर्डिंग सड़क पर गिर गया, जिससे दोनों ओर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। नगर परिषद की टीम ने जेसीबी की सहायता से होर्डिंग हटाकर यातायात बहाल कराया।
महू के हरिफाटक और हार्नियाखेड़ी क्षेत्रों में कई मकानों की छतों की चादरें उड़ गईं। सड़क पर पेड़ गिरने से महू-मानपुर और महू-सिमरोल मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा।
शाजापुर में टेढ़ा हुआ बीएसएनएल टावर
शाजापुर जिले में आंधी और बारिश का व्यापक असर देखने को मिला। मक्सी के समीप सिरोलिया गांव में बीएसएनएल का एक टावर झुक गया। शाजापुर-बेरछा रोड पर सांपखेड़ा गांव के पास बड़ा पेड़ सड़क पर गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।
वहीं अकोदिया मंडी में खुले में रखी किसानों और व्यापारियों की उपज बारिश में भीग गई, जिससे आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
हीटवेव से राहत, लेकिन सतर्क रहने की सलाह
लगातार बारिश और बादलों की वजह से प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक तेज आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।

