Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर के महापौर वार्ड अंतर्गत करण नगर, चंगोराभाटा और कुशालपुर क्षेत्र में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। इसी समस्या को लेकर आकाश तिवारी (नेता प्रतिपक्ष, रायपुर नगर निगम) आज प्रभावित इलाकों में पहुंचे और स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर स्थिति का जायजा लिया।
स्थानीय निवासियों के बार-बार बुलावे पर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष ने मौके पर जल संकट की गंभीरता को समझा। लोगों ने बताया कि पिछले एक महीने से क्षेत्र में पीने के पानी की भारी समस्या बनी हुई है और बीते 2–4 दिनों से हालात और भी खराब हो गए हैं। कई बार पार्षद, महापौर और विधायक से शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए आकाश तिवारी ने तत्काल जोन क्रमांक 5 के जल विभाग के इंजीनियर को मौके पर बुलाया और वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पानी के टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शाम 6 बजे नल चालू होने के समय भी घरों में पानी नहीं पहुंच रहा, जिससे दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। महिलाओं और परिवारों को पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
निवासियों ने आरोप लगाया कि “ट्रिपल इंजन सरकार” के बावजूद शहर में पेयजल संकट का समाधान नहीं हो पा रहा है और महापौर तथा उनकी परिषद इस गंभीर समस्या से अनभिज्ञ नजर आ रही है। इस दौरान क्षेत्र के कई नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने अपनी समस्याएं विस्तार से रखीं और जल्द समाधान की मांग की।

