All India Volleyball Tournament 2026: महादेव घाट में वॉलीबॉल का महासंग्राम शुरू, देश-विदेश की 18 टीमें दिखाएंगी दम

All India Volleyball Tournament 2026: महादेव घाट में वॉलीबॉल का महासंग्राम शुरू, देश-विदेश की 18 टीमें दिखाएंगी दम

All India Volleyball Tournament 2026: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में खेल प्रेमियों के लिए बड़ा आयोजन शुरू हो गया है। हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल संघ द्वारा महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल ग्राउंड में 5वीं ऑल इंडिया वॉलीबॉल टूर्नामेंट 2026 का आयोजन 3 अप्रैल से 5 अप्रैल तक किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता शहर में एक बड़े खेल उत्सव के रूप में देखी जा रही है, जिसमें देश-विदेश की 18 टीमें हिस्सा ले रही हैं।

इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेश मूणत के मुख्य आतिथ्य में हुआ, जबकि मीनल चौबे विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में मनोज वर्मा, महेंद्र औसर (पार्षद), मोहम्मद अकरम खान, अनुराग राठी (संरक्षक), संघ के अध्यक्ष सैयद अनवर अली, संस्थापक सदस्य मंगलेश्वर सिंह, मार्तण्ड सिंह, जितेंद्र सिंह और सचिव रमाकांत निषाद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

प्रतियोगिता में मास्टर्स 40+ वर्ग और ओपन गर्ल्स वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। मास्टर्स वर्ग में दुबई सहित विभिन्न राज्यों की टीमें भाग ले रही हैं, जबकि ओपन गर्ल्स वर्ग में पुणे, हरियाणा, कोलकाता, दिल्ली, आगरा, बालाघाट, वाराणसी, SAI रायपुर और भिलाई की टीमें अपना दमखम दिखा रही हैं।

आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिससे मुकाबले बेहद रोमांचक और उच्चस्तरीय होने की उम्मीद है।

पुरस्कार राशि की बात करें तो मास्टर्स वर्ग में विजेता टीम को ₹71,000 और उपविजेता को ₹51,000 प्रदान किए जाएंगे, वहीं ओपन गर्ल्स वर्ग में प्रथम पुरस्कार ₹31,000 और द्वितीय पुरस्कार ₹21,000 रखा गया है। इसके अलावा खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

आयोजन समिति ने शहरवासियों, खेल प्रेमियों और विद्यार्थियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। यह जानकारी संघ के अध्यक्ष सैयद अनवर अली और वरिष्ठ सदस्य पंकज नायक ने दी।


Related Articles