Chhattisgarh News: एम्स रायपुर के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे उपराष्ट्रपति, मुख्य सचिव ने अधिकारियों को दिए समुचित व्यवस्था के निर्देश

Chhattisgarh News: एम्स रायपुर के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे उपराष्ट्रपति, मुख्य सचिव ने अधिकारियों को दिए समुचित व्यवस्था के निर्देश

Vice President Visit Chhattisgarh: रायपुर। भारत के उपराष्ट्रपति 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ के रायपुर प्रवास पर आएंगे। इस दौरान वे रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित प्रवास को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात, चिकित्सा, स्वागत और कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुरूप व्यवस्था के निर्देश

मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने के दौरान एंट्री और एग्जिट प्लान को बेहतर समन्वय के साथ अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर तैयारियों को समय पर पूरा करने को कहा, ताकि प्रवास के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

एयरपोर्ट और एम्स में सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद

मुख्य सचिव ने रायपुर कलेक्टर को एयरपोर्ट पर स्वागत व्यवस्था, रिसेप्शन लाइन, एम्स में रिसेप्शन और अन्य प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पुलिस की पर्याप्त तैनाती के साथ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश भी दिए गए। उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गृह विभाग को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

चिकित्सा और आकस्मिक सहायता की भी व्यवस्था

बैठक में उपराष्ट्रपति के ठहरने की व्यवस्था के साथ प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं और आकस्मिक चिकित्सा सहायता की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

भारत सरकार के प्रोटोकॉल के अनुसार होगी बैठक व्यवस्था

दीक्षांत समारोह में बैठक व्यवस्था भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल और प्राप्त डायस प्लान के अनुसार सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम के प्रारंभ में वंदे मातरम् और राष्ट्रगान सहित निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव ने एम्स प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को दीक्षांत समारोह के आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल, रायपुर कमिश्नर श्याम धावड़े, सुशासन एवं अभिसरण विभाग के संयुक्त सचिव मयंक अग्रवाल, सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव अंशिका पांडेय, रायपुर कलेक्टर, आईजी रायपुर, एम्स रायपुर के चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


Related Articles