Vaibhav Suryavanshi Century: 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर गर्दा उड़ा दिया है। उन्होंने अब एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 में ‘शतकीय बम’ फोड़ा है। सूर्यवंशी ने शुक्रवार को इंडिया ए वर्सेस संयुक्त अरब अमीरात मैच में 42 गेंदों में 144 रनों की तूफानी पारी खेली। उन्होंने दोहा में वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 15 छक्के और 11 चौके ठोके। सलामी बल्लेबाज सूर्यवंशी ने महज 32 गेंदों में सेंचुरी कंप्लीट कर थी। यह किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज टी20 शतक है। ऋषभ पंत ने 2018 में 32 गेंदों में शतक मारा था। सबसे तेज टी20 शतक का रिकार्ड उर्विल पटेल और अभिषेक शर्मा के नाम है। दोनों ने 28-28 गेंदों में शतक बनाया था।
टी20 में ऐसा करने वाले बने इकलौते
घरेलू क्रिकेट में बिहार का प्रतिनिधित्व करने वाले सूर्यवंशी ने एक जबर्दस्त कारनामा अंजाम दिया है। वह टी20 क्रिकेट में 35 या उससे कम गेंदों में दो शतक लगाने वाले इकलौते प्लेयर बन गए हैं। सूर्यवंशी आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंदों में सेंचुरी लगा चुके हैं। वह आईपीएल शतक बनाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं। यह आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक था। उनसे आगे सिर्फ क्रिस गेल हैं। वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज गेल ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए 30 गेंदों में सेंचुरी जड़ी थी।
टी20 क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय
28 गेंदें: उर्विल पटेल – गुजरात बनाम त्रिपुरा (2024)
28 गेंदें: अभिषेक शर्मा – पंजाब बनाम मेघालय (2024)
32 गेंदें: ऋषभ पंत – दिल्ली बनाम हिमाचल प्रदेश (2018)
32 गेंदें: वैभव सूर्यवंशी – भारत ए बनाम यूएई (2025)
मैच की बात करें तो इंडिया ए ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी। प्रियांश आर्य (10) का बल्ला नहीं चला। वह रनआउट हुए। इसके बाद, सूर्यवंशी ने आक्रामक मॉड ऑन किया। उन्होंने नमन धीर (23 गेंदों में 24) के संग दूसरे विकेट के लिए 163 रन जोड़े। नमन 11वें और सूर्यवंशी 13वें ओवर में पवेलियन लौटे। सूर्यवंशी के अलावा कप्तान जितेश शर्मा (32 गेंदों में 83) ने दमखम दिखाया। उन्होंने 8 चौके और 6 सिक्स जमाए। नेहल वढेरा ने 9 गेंदों में 14 रनों का योगदान दिया। भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 297 का विशाल स्कोर बनाया। मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 14 नवंबर से 23 नवंबर तक आयोजित होगा।
Read More : भाटापारा के हटरी बाजार में बछड़े को चाकू मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, इमरान कुरैशी ने कबूला जुर्म
