Bilaspur Dhurandhar 2 Premiere Show Controversy : बिलासपुर के 36 मॉल स्थित सिने मैक्स में फिल्म ‘धुरंधर 2’ के प्रीमियर शो के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब फिल्म समय पर शुरू नहीं हो सकी और दर्शकों का गुस्सा भड़क उठा। शाम 5 बजे निर्धारित प्रीमियर शो के लिए बड़ी संख्या में लोग पहले से टिकट बुक कर परिवार के साथ पहुंचे थे, लेकिन फिल्म की प्रिंट समय पर नहीं पहुंचने के कारण शो करीब एक घंटे तक शुरू नहीं हो पाया। लंबे इंतजार के बाद भी जब शाम 6 बजे तक स्क्रीनिंग शुरू नहीं हुई तो दर्शकों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने सिनेमा हॉल के बाहर आकर जोरदार हंगामा शुरू कर दिया।
दर्शकों ने सिने मैक्स प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए टिकट के पूरे पैसे वापस करने की मांग की। कई लोगों का कहना था कि प्रीमियर शो होने के कारण उनसे सामान्य से अधिक कीमत वसूली गई थी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर फिल्म देखने का मौका नहीं मिला। कुछ दर्शकों ने आरोप लगाया कि प्रबंधन ने स्थिति को संभालने में लापरवाही बरती और समय पर स्पष्ट जानकारी भी नहीं दी, जिससे नाराजगी और बढ़ गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बच्चों और परिवार के साथ आए दर्शकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और लंबे इंतजार के कारण कई लोग बिना फिल्म देखे ही वापस लौटने को मजबूर हो गए। हंगामे के दौरान कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया, हालांकि बाद में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
वहीं, सिने मैक्स प्रबंधन की ओर से सफाई देते हुए कहा गया कि फिल्म की प्रिंट समय पर नहीं पहुंच पाने के कारण शो शुरू होने में देरी हुई। प्रबंधन का कहना है कि तकनीकी और लॉजिस्टिक कारणों की वजह से यह स्थिति बनी, जिसके लिए दर्शकों से खेद व्यक्त किया गया है। मामले के बाद अब यह सवाल उठने लगा है कि प्रीमियर शो जैसे बड़े आयोजनों में बेहतर समन्वय और व्यवस्था क्यों नहीं सुनिश्चित की जाती, ताकि दर्शकों को इस तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

