bhilai gas agency fight video भिलाई के खुर्सीपार इलाके में स्थित शताक्षी गैस एजेंसी में बुधवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब सिलेंडर लेने पहुंचे एक ग्राहक के साथ बाउंसरों ने मारपीट कर दी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बाउंसर ग्राहक के साथ धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं। घटना के दौरान वहां मौजूद अन्य ग्राहकों ने नाराजगी जताई, लेकिन उनके साथ भी बदसलूकी की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे हुए थे। भीड़ ज्यादा होने के कारण एजेंसी प्रबंधन ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाउंसर तैनात किए थे। इसी दौरान लाइन में खड़े एक युवक और बाउंसर के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते बढ़ गया।
विवाद इतना बढ़ा कि बाउंसर ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी और लाइन में लगे अन्य लोगों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया, लेकिन स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण बनी रही। घटना की सूचना मिलते ही खुर्सीपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।
पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। हालांकि गैस एजेंसी के प्रबंधन ने इस मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया और मीडिया से दूरी बनाए रखी। पुलिस का कहना है कि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है, शिकायत मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गैस एजेंसी में अक्सर अव्यवस्था रहती है और ग्राहकों के साथ ठीक व्यवहार नहीं किया जाता। लोगों ने प्रशासन से एजेंसी की व्यवस्था सुधारने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शहर में गैस एजेंसियों पर बढ़ती भीड़ और बाउंसर तैनाती का मुद्दा अब चर्चा का विषय बनता जा रहा है, जहां आम लोगों को लंबी कतारों के साथ बदसलूकी का भी सामना करना पड़ रहा है।

