Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज कर्मचारी कल्याण संघ की वार्षिक आमसभा 3 अप्रैल को रायपुर स्थित दी रियल मिंट कैफे एंड रेस्टोरेंट के सभागार में आयोजित की गई। कार्यक्रम में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों की गरिमामय उपस्थिति रही।
सभा में मुख्य अतिथि के रूप में प्रांतीय संयोजक कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन कमल वर्मा, छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष पवन शर्मा, प्रांतीय समन्वयक जी.आर. चंद्रा, नवा रायपुर फेडरेशन के संयोजक संतोष वर्मा, महिला प्रकोष्ठ संयोजक सोनाली तिडके तथा जिला रायपुर फेडरेशन के संयोजक पीतांबर पटेल शामिल हुए।
अपने उद्बोधन में सभी अतिथियों ने कर्मचारियों की एकता और संगठन की मजबूती पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आपसी सामंजस्य और संगठित प्रयासों से ही कर्मचारियों की मांगों और अधिकारों को प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने दिसंबर 2025 में 11 सूत्रीय मांगों को लेकर हुए राज्यव्यापी हड़ताल में लघु वनोपज संघ के कर्मचारियों के सक्रिय योगदान की सराहना की और भविष्य में भी हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इसके बाद आमसभा की कार्यवाही संघ के प्रांताध्यक्ष मनोज सोनी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आय-व्यय पत्रकों के अनुमोदन, कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर प्रबंध संचालक एवं शासन को मांग पत्र सौंपने, तथा संगठन के विस्तार और मजबूती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में शशांक साहू, अक्षय मनु, सुरेंद्र तिवारी, कमलाकांत तिवारी, नारायण दत्त तिवारी, चित्रेश सिंह परिहार, केका नागवंशी, निकहत परवीन अंसारी, माया सनोदिया, रूपेश साहू सहित संघ मुख्यालय, वृत्त कार्यालय और जिला यूनियनों के सभी कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

