Durg Illegal Drugs Seized दुर्ग। शनिवार को पद्मनाभपुर पुलिस ने रविशंकर स्टेडियम के पीछे चैनल गेट के पास से दो युवकों को अवैध नशीली टेबलेट के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 98 हजार 200 रुपए मूल्य की नशीली दवाइयां, मोबाइल फोन, नकद और एक बाइक जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 अप्रैल को पद्मनाभपुर थाना को मुखबिर से सूचना मिली कि रविशंकर स्टेडियम के पीछे चैनल गेट के पास दो युवक नशीली टेबलेट बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास से 97 नग एन-जेडईपी 10 नाइट्राजेपाम टेबलेट, 10 नग अल्फा 0.5 टेबलेट, दो मोबाइल फोन, 400 रुपए नकद और एक एवेंजर बाइक जब्त की गई। पुलिस के अनुसार, इन सामानों की कुल कीमत लगभग 98 हजार 200 रुपए है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुलशन कौशल (29) निवासी कसारीडीह, गुरुघासी दास वार्ड, थाना पद्मनाभपुर और सुमित भोई (34) निवासी बांसपारा, थाना मोहन नगर के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से नशीली टेबलेट का अवैध व्यापार कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब दोनों इस तरह का अपराध कर रहे थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि ये नशीली दवाइयां कहां से लाई गई थीं और किन ग्राहकों को बेचने की योजना थी।

