Bilaspur Road Accident News बिलासपुर जिले में बुधवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक किशोरी और एक छात्र की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस ने मामलों में जांच शुरू कर दी है।
पहला हादसा तखतपुर क्षेत्र के पड़रिया मोड़ के पास दोपहर करीब 2 बजे हुआ। ग्राम पड़रिया निवासी दिनेश कैवर्त्य का बेटा, बहू और 16 वर्षीय बेटी मानसी कैवर्त्य बैंक के काम से तखतपुर आए थे। काम खत्म होने के बाद तीनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तखतपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार हाईवा ने लापरवाहीपूर्वक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिर गए। हादसे में मानसी गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने उसे तत्काल तखतपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के लिए रवाना किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हाईवा को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है।
दूसरी घटना रतनपुर क्षेत्र के सांधीपारा में हुई, जहां स्कूल जा रहे 12 वर्षीय छात्र जयवंत पटेल को तेज रफ्तार बस ने कुचल दिया। जयवंत भेड़मुड़ा के स्कूल में कक्षा सातवीं का छात्र था और साइकिल से स्कूल जा रहा था। पेट्रोल पंप के पास सड़क पार करते समय कोरबा की ओर जा रही बस ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बाड़ी में जा घुसी, जबकि चालक और हेल्पर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। रतनपुर पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे वाहनों से रवाना किया। पुलिस ने बस को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
दोनों हादसों के बाद स्थानीय लोगों में भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है।

