जनसंपर्क अधिकारियों के लिए दो दिवसीय कौशल संवर्धन कार्यशाला का शुभारंभ, आधुनिक तकनीक पर फोकस

जनसंपर्क अधिकारियों के लिए दो दिवसीय कौशल संवर्धन कार्यशाला का शुभारंभ, आधुनिक तकनीक पर फोकस

रायपुर, 12 जनवरी 2026। मीडिया के सभी माध्यमों का प्रभावी उपयोग कर जनसंपर्क अधिकारी अपने कार्य को और अधिक प्रभावशाली बना सकते हैं। एआई तकनीक के माध्यम से कम प्रयास में अधिक और बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। यह बात मुख्यमंत्री के संयुक्त सचिव एवं जनसंपर्क विभाग के आयुक्त डॉ. रवि मित्तल ने कही।

डॉ. मित्तल नवा रायपुर स्थित संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित “जनसंपर्क की नई चुनौतियां” विषय पर जनसंपर्क अधिकारियों की दो दिवसीय राज्य स्तरीय कौशल संवर्धन कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क अधिकारियों को एक्सक्लूजिव स्टोरी तैयार करनी चाहिए और उनके व्यापक प्रचार के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और सोशल मीडिया सभी माध्यमों का समन्वित उपयोग करना चाहिए। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जिन अधिकारियों की स्टोरी राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर प्रकाशित होंगी, उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप सम्मानित किया जाएगा।

डॉ. मित्तल ने कहा कि वर्तमान समय में सूचना एवं जनसंपर्क के माध्यम तेजी से बदल रहे हैं। नई तकनीकों के उपयोग से जनसंपर्क कार्य को अधिक प्रमाणिक, प्रभावी और समयबद्ध बनाया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे तकनीकी नवाचारों से लगातार अपडेट रहें, ताकि शासन की योजनाओं और निर्णयों को आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारिता से जुड़े स्कूल एवं कॉलेजों के विद्यार्थियों को जनसंपर्क विभाग में इंटर्नशिप का अवसर देने पर भी बल दिया।

उद्घाटन सत्र में अपर संचालक जवाहरलाल दरियो, संजीव तिवारी, उमेश मिश्रा एवं आलोक देव ने जनसेवा में स्पष्ट, सरल और समयबद्ध संवाद की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रतिभागियों को कार्यशाला की रूपरेखा और अपेक्षाओं से अवगत कराते हुए बताया कि इसका उद्देश्य समाचार लेखन, टेलीविजन सहभागिता और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग के माध्यम से जनसंपर्क को अधिक सशक्त और आधुनिक बनाना है।

कार्यशाला के प्रथम दिवस की शुरुआत “पाठक-अनुकूल लेखन: सरकारी समाचार को आकर्षक बनाना” विषयक सत्र से हुई। इसमें दैनिक भास्कर के संपादक शिव दुबे ने मार्गदर्शन देते हुए सरकारी आदेशों से जनता से जुड़ी मुख्य बातों की पहचान, सरल भाषा, प्रभावी हेडलाइन और लीड पैराग्राफ लिखने की तकनीक समझाई। साथ ही प्रेस विज्ञप्ति की संरचना और संकट के समय मीडिया से संतुलित संवाद पर चर्चा की।

द्वितीय सत्र में आकाशवाणी के समाचार संपादक विकल्प शुक्ला ने टेलीविजन मीडिया की कार्यप्रणाली, विजुअल स्टोरी प्रस्तुतिकरण, टीवी कवरेज के लिए आवश्यक तत्व, कैमरे पर संक्षिप्त बाइट और फैक्ट शीट के महत्व पर प्रकाश डाला।

तीसरे सत्र में सोशल मीडिया और एआई टूल्स के उपयोग पर चर्चा हुई। सोशल मीडिया एवं एआई विशेषज्ञ राकेश साहू ने डिजिटल टूल्स के माध्यम से फोटो और वीडियो एडिटिंग की व्यावहारिक जानकारी दी।

दिन के अंतिम सत्र में जनसंपर्क संचालनालय भोपाल के सेवानिवृत्त संचालक लाजपत आहूजा ने पीआर टूल बॉक्स, स्टेकहोल्डर प्रबंधन और क्राइसिस कम्युनिकेशन से जुड़े उपयोगी उपकरणों की जानकारी साझा की।

इस कार्यशाला में राज्यभर से आए जनसंपर्क अधिकारियों ने सहभागिता की और आधुनिक जनसंपर्क कौशल को लेकर अपने अनुभव साझा किए।

Read More : भिलाई में चंद्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज का 45वां अधिवेशन, चंदूलाल चंद्राकर की जयंती पर समाजसेवियों और प्रतिभावान छात्रों को किया सम्मानित


Related Articles