भिलाई इस्पात-संयंत्र में ट्रक ने ठेका मजदूर को कुचला, इलाज के दौरान मौत, बेटी की पढ़ाई का खर्च उठाएगी प्रबंधन

भिलाई इस्पात-संयंत्र में ट्रक ने ठेका मजदूर को कुचला, इलाज के दौरान मौत, बेटी की पढ़ाई का खर्च उठाएगी प्रबंधन

Bhilai Steel Plant Accident News भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र परिसर में सोमवार रात हुए सड़क हादसे में एक ठेका मजदूर की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

मामला भट्टी थाना क्षेत्र का है। हादसा संयंत्र के रेल मिल क्षेत्र स्थित जीरो कार्बाइड मोड़ के पास 14 नंबर बिल्डिंग के सामने हुआ। मृतक की पहचान गोमती प्रसाद साहनी (55), निवासी खुर्सीपार के रूप में हुई है, जो एसआरयू का ठेका मजदूर बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, CG 04 OM 7139 नंबर का ट्रक रेल पटरी लोड करने के लिए रेल मिल शिपिंग एरिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान टर्न लेते समय साइकिल सवार मजदूर ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

बताया जा रहा है कि गोमती प्रसाद साहनी रोज की तरह साइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना के बाद मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। वह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और उनकी एक छोटी बेटी है, जिसकी पढ़ाई जारी है।

हादसे के बाद कंपनी प्रबंधन ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सहयोग का भरोसा दिया है। प्रबंधन ने मृतक की बेटी की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने, मुआवजा देने और पत्नी को नौकरी देने की बात कही है, जिससे परिवार को सहारा मिल सके।

छत्तीसगढ़ पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक चालक की लापरवाही सहित पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Read More : रायपुर में फिर सक्रिय हुए लुटेरे, टहलने निकली महिला से चेन स्नेचिंग, स्कूटी सवार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस


Related Articles