Top Batsmen T20 World Cup History: सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारत टी20 वर्ल्ड कप 2026 चैंपियन बना है। भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदा। सूर्या ब्रिगेड ने फाइनल में 255/5 का स्कोर बनाकर न्यूजीलैंड को 159 रनों पर समेटा। भारत लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली पुरुष टीम है। भारत को चैंपियन बनाने में संजू सैमसन ने अहम भूमिका निभाई। वह टूर्नामेंट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी रहे। अगर सैमसन की किस्मत ने धोखा नहीं दिया होता तो टूर्नामेंट के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लेते। भारत ने 10वें संस्करण में 9 मैच खेले लेकिन सैमसन को सिर्फ पांच मैच में उतरने का मौका मिला।
संजू के लगातार तीन मैचों में 50 प्लस स्कोर
एक टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाजों की लिस्ट में सैमसन तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने पांच मैचों में जबरदस्त बैटिंग करते हुए 80.25 के औसत और 199.37 के स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए। उन्हें शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड से नवाजा गया। सैमसन ने लगातार तीन पचास प्लस स्कोर लगाए। सैमसन ने फाइनल में 46 गेंदों में 89 रनों की तूफानी खेली और भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने इंग्लैंड के विरुद्ध सेमीफाइनल में भी 89 रन बनाए थे। वहीं, वेस्टइंडीज के सामने सुपर-8 मैच में नाबाद 97 रनों की पारी खेली थी।
विराट कोहली से आगे निकले संजू सैमसन
सैमसन ने लिस्ट में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को चौथे स्थान पर खिसक दिया है। कोहली ने 2014 में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप में 6 मैचों में 319 रन जोड़े थे। एक टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड साहिबजादा फरहान के नाम दर्ज है। पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज फरहान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सात मुकाबलों में 383 रन बटोरे। उन्होंने दो शतक जमाए। फेहरिस्त में दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के ओपनर टिम सीफर्ट हैं। उन्होंने टूर्नामेंट के दसवें संस्करण में 9 मैचों में 326 रन बनाए। सीफर्ट ने भारत के खिलाफ फाइनल में अर्धशतक लगाया था।
एक T20 WC में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज
383 – साहिबजादा फरहान, 2026
326 – टिम सीफर्ट, 2026
321 – संजू सैमसन, 2026
319 – विराट कोहली, 2014
317 – तिलकरत्ने दिलशान, 2009
भारत ने टी20 वर्ल्ड कप जीतकर रचा इतिहास
भारत ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा है। भारत तीन बार यह ट्रॉफी जीतने वाली इकलौती टीम है। एमएस धोनी भारत के पहले टी20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान हैं। उनकी अगुआई में भारत ने 2007 में पहला टूर्नामेंट जीता था। इसके बाद रोहित शर्मा के नेतृत्व में भारत ने 2024 में दूसरा खिताब जीता। धोनी और रोहित रविवार को फाइनल देखने के लिए नरेंद्र मोदी स्टेडियम आए थे। इसके साथ ही तीन साल पहले इसी मैदान पर आस्ट्रेलिया से वनडे वर्ल्ड कप फाइनल हारने वाली रोहित की टीम के पुराने जख्मों पर भी मरहम लगा होगा।

