सूरजपुर में होली पर कड़ी सुरक्षा, 60 पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार करेंगी गश्त, 600 से अधिक पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात

सूरजपुर में होली पर कड़ी सुरक्षा, 60 पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार करेंगी गश्त, 600 से अधिक पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात

Surajpur Holi Security News सूरजपुर। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने त्योहार को देखते हुए थाना-चौकी प्रभारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने, गांव-गांव में नियमित पेट्रोलिंग करने, असामाजिक तत्वों पर सख्ती से कार्रवाई करने तथा आसूचना तंत्र को मजबूत रखने के निर्देश दिए।

पुलिस प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने के साथ ही होली के बाद नदी-तालाबों में स्नान करने जाने वाले लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर गोताखोरों की तैनाती करने के निर्देश भी दिए गए हैं। अग्निशमन दल से समन्वय बनाए रखने, व्यवस्था बिगाड़ने वाले व्यक्तियों की पहचान कर कार्रवाई करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरतने को कहा गया है। विशेष रूप से दोपहिया वाहन पर तीन सवारी, शराब पीकर वाहन चलाने और ओवरस्पीडिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

होली पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए 600 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। जिलेभर में 60 पुलिस पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार सक्रिय रहकर गश्त करेंगी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी।

डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने जिलेवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए अपील की है कि त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि किसी पर जबरन रंग न लगाएं, केमिकल युक्त रंगों का उपयोग न करें, यातायात नियमों का पालन करें और नदी-तालाबों में स्नान करते समय सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

Read More : पाटन में रमजान माह पर रोजा अफ्तारी कार्यक्रम, बड़ी संख्या में रोजेदारों ने की शिरकत


Related Articles