Raipur Ganja Smuggling News रायपुर में पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन अंतरराज्यीय तस्करों को 14.613 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत लगभग 7.5 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में तुषार नितिन पवार और किरन सीताराम काये निवासी जिला पुणे (महाराष्ट्र) तथा दीपक तोमर निवासी जिला मुरैना (मध्यप्रदेश) शामिल हैं।
यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और न्यू राजेन्द्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस को 21 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि अमलीडीह स्थित मेडिसाइन अस्पताल के पास कुछ युवक गांजा बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान तुषार नितिन पवार (21) और किरन सीताराम काये (25) निवासी दहीवडी, थाना सिकरापुर, जिला पुणे तथा दीपक तोमर (33) निवासी थाना पुरषा, जिला मुरैना के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके अलग-अलग बैग से कुल 14.613 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। साथ ही दो मोबाइल फोन और एक हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए।
तीनों आरोपियों के खिलाफ न्यू राजेन्द्र नगर थाना में नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है, ताकि सप्लाई चेन से जुड़े अन्य तस्करों तक पहुंचा जा सके।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक एसीसीयू की टीम ने 15 प्रकरणों में 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनसे 156.381 किलोग्राम गांजा, 2.05 लाख रुपये नकद, दो चारपहिया वाहन और आठ मोबाइल फोन जब्त किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Read More : थाने के पास दर्दनाक हादसा, ट्रक और बोलेरो के बीच जोरदार टक्कर, 5 पुलिसकर्मियों की मौके पर मौत, 3 घायल

