BCCI Central Contract 2025: भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड जल्द ही सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट जारी करने वाला है। BCCI ने पिछले साल फरवरी में सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट जारी किया था, लेकिन इस बार चैंपियंस ट्रॉफी के चलते इसे जारी करने में देरी हो रही है। सूत्रों के मुताबिक, BCCI चैंपियंस ट्रॉफी में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन करने के बाद लिस्ट जारी करेगा। यह जानकारी सामने आ रही है कि इस बार कई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मैचों में भाग नहीं लेने के कारण लिस्ट से बाहर हो सकते हैं। इन खिलाड़ियों में आवेश खान, केएस भरत और रजत पाटीदार जैसे नाम शामिल हैं।
बता दें कि BCCI ने आवेश खान, केएस भरत और रजत पाटीदार को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट के ‘सी ग्रेड’ में रखा था। सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल होने के बाद रजत ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज रहे, लेकिन उन्हें भारत बनाम इंग्लैंड टी20 सीरीज में जगह नहीं मिली थी। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय मैच न खेलने की वजह से रजत BCCI की सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से बाहर हो सकते हैं।
आवेश खान और केएस भरत भी हो सकते हैं बाहर
गेंदबाज आवेश खान का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि साल 2024 में खेले गए 6 टी20 मैचों में उन्होंने सिर्फ 6 विकेट लिए। वहीं, उन्होंने अपना आखिरी वनडे मैच 2023 में खेला था। ऐसे में संभावना है कि इस बार आवेश लिस्ट से बाहर हो सकते हैं। केएस भरत को भी लिस्ट से बाहर रखा जा सकता है, क्योंकि उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच फरवरी 2024 में खेला था।
रविचंद्रन अश्विन भी होंगे बाहर
गौरतलब है कि रविचंद्रन अश्विन भी BCCI की सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से बाहर हो जाएंगे, क्योंकि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है।
श्रेयस अय्यर को मिल सकती है जगह
बता दें कि श्रेयस अय्यर और ईशान किशन को पिछले साल सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से बाहर कर दिया गया था क्योंकि दोनों खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट के प्रति ढुलमुल रवैया अपनाया था। हालांकि, अब चैंपियंस ट्रॉफी में श्रेयस के शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें BCCI सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में शामिल किया जा सकता है। वहीं, ईशान ने नवंबर 2023 के बाद से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है, ऐसे में उन्हें इस बार भी सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट मिलना काफी मुश्किल है।
BCCI कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में होती हैं 4 कैटेगरी
BCCI की सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट चार कैटेगरी में बंटी होती है। इन कैटेगरी के आधार पर खिलाड़ियों को सालाना सैलरी दी जाती है।
- ग्रेड A+ – ₹7 करोड़
- ग्रेड A – ₹5 करोड़
- ग्रेड B – ₹3 करोड़
- ग्रेड C – ₹1 करोड़
कैसे होती है खिलाड़ियों की कैटेगरी तय?
A+ ग्रेड में उन खिलाड़ियों को शामिल किया जाता है जो तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे, टी20) में खेलते हैं। पिछले साल 30 खिलाड़ियों को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट मिला था। बाद में सरफराज खान और ध्रुव जुरेल को भी इस लिस्ट में जोड़ा गया था। इसके अलावा, BCCI ने तेज गेंदबाजों आकाश दीप, यश दयाल, उमरान मलिक, विजयकुमार वैशाक और विद्वथ कावेरप्पा को फास्ट बॉलिंग कॉन्ट्रैक्ट दिया था।
BCCI सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट प्लेयर्स की लिस्ट (2023-24)
ग्रेड A+
- रोहित शर्मा
- विराट कोहली
- जसप्रीत बुमराह
- रवींद्र जडेजा
ग्रेड A
- रविचंद्रन अश्विन
- मोहम्मद शमी
- मोहम्मद सिराज
- केएल राहुल
- शुभमन गिल
- हार्दिक पंड्या
ग्रेड B
- सूर्यकुमार यादव
- ऋषभ पंत
- कुलदीप यादव
- अक्षर पटेल
- यशस्वी जायसवाल
ग्रेड C
- रिंकू सिंह
- तिलक वर्मा
- ऋतुराज गायकवाड़
- शार्दुल ठाकुर
- शिवम दुबे
- रवि बिश्नोई
- जितेश शर्मा
- वॉशिंगटन सुंदर
- मुकेश कुमार
- संजू सैमसन
- अर्शदीप सिंह
- केएस भरत
- प्रसिद्ध कृष्णा
- आवेश खान
- रजत पाटीदार
- सरफराज खान
- ध्रुव जुरेल