पंजाब में मुख्यमंत्री नहीं बदलने वाला है, आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इसके संकेत दे दिए हैं। आप विधायकों संग बैठक करने के बाद उन्होंने कहा है कि पंजाब में वही नेतृत्व रहने वाला है और वही काम चलने वाला है। अब यह बयान मायने रखता है क्योंकि दिल्ली में मिली चुनावी हार के बाद ऐसी अटकलें चल पड़ी थीं कि अरविंद केजरीवाल अब पंजाब का रुख करेंगे।
अरविंद केजरीवाल का बड़ा बयान
लेकिन आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने खुद साफ कर दिया है कि पंजाब में कोई नेतृत्व परिवर्तन नहीं होने वाला है। इसका मतलब साफ है कि भगवंत मान ही आगे भी पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार चलाने वाले हैं। वैसे इससे पहले सीएम भगवंत मान ने भी मीडिया से बात करते हुए कहा था कि पंजाब को किए सारे वादे पूरे होंगे, हर गारंटी को संपन्न किया जाएगा।
भगवंत मान ने क्या बोला?
सीएम भगवंत मान ने कहा कि पंजाब से हमारे सभी कैबिनेट मंत्री और विधायक यहां आए थे। हमारे राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी आए थे। दिल्ली चुनाव में पंजाब के हमारे साथियों ने बहुत मेहनत की, इसलिए उन्होंने उनका धन्यवाद किया। पंजाब में हमारी सरकार लोगों के हित में बहुत काम कर रही है, चाहे बिजली का क्षेत्र हो या शिक्षा का, हम वहां काम कर रहे हैं और हमें इसमें और भी तेजी लानी है।