सूने गोदाम में चोरी का खुलासा, दो महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, 67 हजार की सामग्री बरामद

सूने गोदाम में चोरी का खुलासा, दो महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, 67 हजार की सामग्री बरामद

Raipur Tilda Theft News रायपुर। थाना तिल्दा नेवरा पुलिस ने सूने गोदाम में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो महिलाओं सहित एक पुरुष आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सामग्री और वारदात में प्रयुक्त वाहन जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, रात्रि गश्त के दौरान सूचना मिली कि तुलसी नेवरा स्थित दाउजी फॉर्म्स प्रा.लि. के सूने गोदाम से अज्ञात चोरों द्वारा केबल वायर, कॉपर और एल्युमिनियम की चोरी की गई है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए गश्त टीम ने मुखबिर के बताए अनुसार बहेसर रोड तिल्दा में एक टीवीएस एक्सल मोपेड पर सवार एक व्यक्ति और दो महिलाओं को संदिग्ध अवस्था में रोका। तीनों के पास रखी बोरियों की तलाशी लेने पर चोरी का सामान बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने गोदाम से केबल वायर काटकर चोरी करना और उसे बेचने के लिए ग्राहक की तलाश करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 52 हजार रुपये मूल्य के कॉपर, एल्युमिनियम, केबल वायर और क्वाइल जब्त किए। साथ ही घटना में प्रयुक्त टीवीएस एक्सल मोपेड क्रमांक CG 04 PL 283, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है, को भी जब्त किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में सूरज देवार (20 वर्ष), रूपा देवार (28 वर्ष) और आपा देवार (25 वर्ष), सभी निवासी दलाल तालाब के पास, तिल्दा शामिल हैं। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(3), 305(ए) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है।

Read More : करोड़ों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण करेंगे मंत्री लखनलाल देवांगन, पाली महोत्सव समापन में भी होंगे शामिल


Related Articles