दंतेवाड़ा की ग्राम पंचायतों में वीबी जी राम जी योजना लागू, रोजगार दिवस से बढ़ी काम की गारंटी

दंतेवाड़ा की ग्राम पंचायतों में वीबी जी राम जी योजना लागू, रोजगार दिवस से बढ़ी काम की गारंटी

VB-G Ram Ji Yojana रायपुर। शासन की महत्वाकांक्षी विकसित भारत जी राम जी (VB-G Ram G) योजना के अंतर्गत जिला दंतेवाड़ा की ग्राम पंचायतों में प्रत्येक माह की 07 तारीख को रोजगार दिवस, चावल उत्सव और आवास दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

अधिकारियों ने बताया कि पहले महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को 100 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाता था, जिसे अब विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत बढ़ाकर 125 दिनों तक कर दिया गया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद परिवारों को अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को क्यूआर कोड आधारित नई प्रणाली की जानकारी दी गई। अब जॉब कार्ड और मस्टर रोल का मिलान क्यूआर कोड स्कैन कर किया जा रहा है, जिससे कार्यों में पारदर्शिता बढ़ी है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना काफी हद तक कम हुई है।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत हितग्राहियों के नामों का वाचन किया गया तथा आवास निर्माण के लिए मिलने वाली किश्तों, मजदूरी भुगतान, निर्माण सामग्री और अन्य विभागों से मिलने वाली सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने हितग्राहियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण आवास निर्माण पूरा करने के लिए तकनीकी मार्गदर्शन भी प्रदान किया।

रोजगार दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत मिलने वाली रोजगार गारंटी की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने और रोजगार सुनिश्चित करने के लिए यह योजना लागू की गई है। बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, मोबाइल आधारित निगरानी प्रणाली और नागरिक सहभागिता जैसे आधुनिक तकनीकी उपायों के माध्यम से कार्यों की निगरानी, उपस्थिति सत्यापन और भुगतान प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया गया है।

इसके अलावा ग्रामीणों को आजीविका डबरी निर्माण के बारे में भी जानकारी दी गई, जिससे मत्स्य पालन और अन्य आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीणों की आय में वृद्धि की संभावनाएं बनेंगी। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों से अपील की गई कि वे प्रत्येक माह की 07 तारीख को आयोजित रोजगार दिवस, चावल उत्सव और आवास दिवस में भाग लेकर शासकीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Read More : पाटन जनपद के सांकरा गांव में ‘मोदी की गारंटी’ के तहत विकास, सीसी रोड निर्माण कार्य के लिए भूमिपूजन


Related Articles