सागर अंजना हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, CBI जांच के आदेश; एमपी पुलिस की जांच पर जताया अविश्वास

सागर अंजना हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, CBI जांच के आदेश; एमपी पुलिस की जांच पर जताया अविश्वास

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बहुचर्चित दलित युवती अंजना हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपने के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने स्पष्ट संकेत दिए कि उसे मध्य प्रदेश पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं है।

सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस एम.एम. सुंद्रेश और जस्टिस एन.के. सिंह की बेंच ने यह आदेश सुनाया। इससे पहले अदालत ने मामले को लेकर मध्य प्रदेश सरकार और सीबीआई को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। अदालत ने सागर जिले के बरोदिया नौनागिर हत्याकांड की जांच और उससे जुड़े मामलों की सुनवाई को लेकर भी स्पष्टीकरण मांगा था।

मामले में आरोप है कि अंजना के भाई और चाचा की आरोपियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। वहीं चाचा के शव को एंबुलेंस से ले जाते समय अंजना की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, जिसके बाद यह मामला काफी चर्चाओं में आ गया।

इस मामले में मध्य प्रदेश सरकार और पुलिस की भूमिका को लेकर सुप्रीम कोर्ट पहले भी नाराजगी जता चुका है। अब सीबीआई जांच के आदेश के बाद मामले में नए सिरे से जांच होगी।

राजनीतिक रूप से भी यह मामला काफी संवेदनशील रहा है। अंजना की मां से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राखी बंधवाई थी, वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर चुके हैं।

याचिकाकर्ता की ओर से सुप्रीम कोर्ट में वरिष्ठ अधिवक्ता कोलिन गोंजाल्विस, मीनाक्षी अरोड़ा और मिनेश दुबे ने पैरवी की। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद मामले में आरोपियों के साथ-साथ तत्कालीन गृह मंत्री भूपेंद्र सिंह की मुश्किलें भी बढ़ सकती हैं।


Related Articles