पेयजल संकट से परेशान कचना के लोग, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने किया मौके पर निरीक्षण

पेयजल संकट से परेशान कचना के लोग, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने किया मौके पर निरीक्षण

रायपुर। कचना स्थित स्वस्तिक नगर में पिछले लंबे समय से जारी पेयजल संकट अब गंभीर रूप ले चुका है। क्षेत्रवासियों ने पानी की विकराल समस्या को लेकर नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी से गुहार लगाई। स्थानीय लोगों ने बताया कि वे बीते एक वर्ष से जोन क्रमांक 09 और नगर निगम मुख्यालय में लगातार आवेदन देते आ रहे हैं, लेकिन आज तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।

निवासियों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा केवल आश्वासन दिए जाते रहे, लेकिन ज़मीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। पानी की कमी के कारण रोजमर्रा के जीवन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, यहां तक कि घरों में पारिवारिक विवाद की स्थिति भी बन रही है।

समस्या की जानकारी मिलते ही नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने तत्काल पहल करते हुए टैंकरों के माध्यम से अस्थायी रूप से पानी की व्यवस्था करवाई। इसके बाद वे स्वयं कचना स्थित स्वस्तिक नगर पहुंचे और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

नेता प्रतिपक्ष ने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब नगर निगम में महापौर सहित प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार है, तब भी आम जनता को मूलभूत सुविधा जैसे पेयजल से वंचित रहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारी अपने कर्तव्यों से बच रहे हैं, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

आकाश तिवारी ने आश्वासन दिया कि स्वस्तिक नगर में जल्द से जल्द बोर खनन कराए जाने के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे और इस लड़ाई में जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि नगर निगम और जिम्मेदार अधिकारी अब भी नहीं जागे, तो महापौर सहित निगम प्रशासन को जगाने के लिए आंदोलन और घेराव से भी पीछे नहीं हटेंगे।

उन्होंने कहा कि अभी गर्मी पूरी तरह शुरू भी नहीं हुई है और पानी की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। यह आम जनमानस से जुड़ा गंभीर विषय है और इसके समाधान तक संघर्ष जारी रहेगा। नेता प्रतिपक्ष ने दोहराया कि स्वस्तिक नगर में पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान कर बोर खनन कराया जाएगा और जनता के हितों के लिए वे हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे।

Read More : छत्तीसगढ़ के इन जिलों में युवाओं के लिए स्वास्थ्य शिक्षा के खुले नए द्वार, ANM नर्सिंग कौशल कॉलेजों की स्वीकृत


Related Articles