Surajpur News सूरजपुर जिले के भैयाथान क्षेत्र में पंचायत व्यवस्था की बदहाली का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां ग्राम पंचायत भवन अपने मूल उद्देश्य से भटककर सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) का गोदाम बन गया है। हालात ऐसे हैं कि जनप्रतिनिधियों को बैठने तक के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल रही है, जिससे प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
जिला उप सरपंच संघ के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव के अनुसार, इस समस्या को लेकर कई बार लिखित और मौखिक शिकायत की गई है। यहां तक कि सुशासन तिहार में भी मामला उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पंचायत के उपसरपंच ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि पंचायत भवन जनसमस्याओं के समाधान का केंद्र होता है, लेकिन वर्तमान स्थिति में एक ही कमरे में सभी कार्य करने पड़ रहे हैं, जिससे बैठकों और जनसुनवाई में बाधा आ रही है।
गांव में अलग से PDS भवन नहीं होने के कारण पंचायत भवन को ही खाद्यान्न भंडारण के लिए उपयोग किया जा रहा है। इसके चलते अधिकांश कमरे राशन के बोरों से भरे हुए हैं और पंचायत का नियमित कामकाज प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों को भी आवश्यक सेवाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि पंचायत भवन को जल्द खाली कराया जाए और अलग से PDS भवन का निर्माण किया जाए, ताकि पंचायत व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके। इस बीच मुख्य कार्यपालन अधिकारी भैयाथान विनय कुमार गुप्ता ने बताया कि ग्राम पंचायत केवटाली में नए PDS भवन के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेज दिया गया है और स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू किया जाएगा।

