रायपुर। टेकारी (मांढर) स्थित मंगल भवन में 25 दिसंबर 2025 से 02 जनवरी 2026 तक 9 दिवसीय श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ एवं राष्ट्रीय शौर्य समृद्धि 05 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन परम पूज्य पं. राम शर्मा आचार्य जी एवं वंदनीया माता जी मां गायत्री की कृपा से तथा भगवान श्रीकृष्ण के आशीर्वाद से स्व. रामबगस वर्मा एवं स्व. खोरबाहरीन देवी वर्मा की पुण्य स्मृति में आयोजित किया जा रहा है। भागवत कथा का वाचन करने के लिए पूज्य संत रमेश भाई शुक्ल (लखनऊ वाले) छत्तीसगढ़ पधार रहे हैं।
आयोजन समिति के अनुसार श्रीमद् भागवत कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक होगी, जिसमें भक्ति, ज्ञान, वैराग्य और संस्कारों से ओत-प्रोत प्रसंगों का आध्यात्मिक संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम के मुख्य यजमान चन्द्रवती एवं नेहरू लाल वर्मा हैं। कथा के माध्यम से समाज में नैतिक मूल्यों, आध्यात्मिक चेतना और संस्कारों के प्रचार-प्रसार का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ 25 दिसंबर (गुरुवार) को दोपहर 12:30 बजे भव्य कलश यात्रा से होगा। इसके पश्चात वेदी पूजन एवं कथा का आरंभ किया जाएगा, जिसमें भक्ति, ज्ञान, वैराग्य तथा धुंधकारी चरित्र जैसे प्रसंगों का वर्णन होगा। 26 एवं 27 दिसंबर को प्रातः 9 से 11 बजे तक 05 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं विभिन्न संस्कार संपन्न होंगे, जबकि दोपहर में भागवत कथा के विविध अध्याय प्रस्तुत किए जाएंगे।
28 दिसंबर को गज-ग्राह मोक्ष, समुद्र मंथन, वामन चरित्र, मत्स्य अवतार एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन होगा। वहीं 29 से 31 दिसंबर तक बाल लीला, गोवर्धन पूजा, रासलीला, कंस वध, द्वारिका निर्माण और रुक्मिणी विवाह जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा। 01 जनवरी 2026 को जरासंध वध एवं सुदामा चरित्र के साथ कथा विश्राम होगा।
आयोजन का समापन 02 जनवरी 2026 को गीता उपदेश, तुलसी वर्षा, हवन पूर्णाहुति, सहस्त्रधारा एवं भोग-भंडारे के साथ किया जाएगा। आयोजक परिवार ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से परिवार सहित सहभागी होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। आयोजक नेहरू लाल वर्मा ने बताया कि यह यज्ञ जन-कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की भावना के साथ आयोजित किया जा रहा है।


Read More : रायपुर के माना इलाके में मिली सिर कटी लाश, ब्लू वाटर खदान में ग्रामीणों ने देखा शव, पुलिस शिनाख्त में जुटी

