Surguja Olympics 2026: अंबिकापुर। सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर स्थित पीजी कॉलेज मैदान में शनिवार को सरगुजा ओलंपिक 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान गीता फोगाट की उपस्थिति ने आयोजन को खास बना दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 21 लाख रुपये देने की घोषणा की गई है। वहीं, स्वर्ण पदक विजेताओं को 3 करोड़, रजत को 2 करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं को 1 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया अभियान के तहत प्रदेश में खेल सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। विभिन्न जिलों में स्टेडियमों का निर्माण किया जा रहा है और सरगुजा के पंडरा पाठ क्षेत्र में 20 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आर्चरी अकादमी स्थापित की जाएगी।
कार्यक्रम में युवा धावक अविनेश कुजूर की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया, जिन्होंने 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। प्रदेश को खेल के क्षेत्र में एक और उपलब्धि मिली है, जहां खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी छत्तीसगढ़ को सौंपी गई है। यह आयोजन 25 मार्च से शुरू होगा, जिसका उद्घाटन केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया करेंगे। प्रतियोगिता के कुछ मुकाबले सरगुजा में भी आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री ने इस दौरान राज्य में लागू नए कानूनों और भर्ती प्रक्रियाओं में किए गए सुधारों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता लाने और युवाओं को सुविधा देने के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल का गठन किया गया है।
12 खेलों में मुकाबले, 2500 खिलाड़ी शामिल
तीन दिवसीय सरगुजा ओलंपिक में भाला फेंक, खो-खो, मलखंभ, वॉलीबॉल सहित 12 खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसमें सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया और एमसीबी जिलों से लगभग 2500 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
बेटियों को आगे बढ़ाने का संदेश
इस अवसर पर गीता फोगाट ने अभिभावकों से बेटियों को खेलों में आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां प्रतिभाशाली होती हैं और उचित मार्गदर्शन मिलने पर देश का नाम रोशन कर सकती हैं।

