गिरौदपुरी धाम में आज ‘सतनाम सद्भाव पदयात्रा’ का भव्य समापन, हजारों श्रद्धालु जैतखाम परिक्रमा कर करेंगे सत्यनाम का उद्घोष

गिरौदपुरी धाम में आज ‘सतनाम सद्भाव पदयात्रा’ का भव्य समापन, हजारों श्रद्धालु जैतखाम परिक्रमा कर करेंगे सत्यनाम का उद्घोष

Satnam Sadbhav Padyatra Update रायपुर से प्रारंभ हुई ‘सतनाम सद्भाव पदयात्रा’ आज अपने पांचवें और अंतिम दिन पवित्र गिरौदपुरी धाम पहुंचकर भव्य समापन की ओर अग्रसर है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं युवराजगुरु खुशवंत साहेब जी के नेतृत्व में निकली यह विशाल पदयात्रा परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास के सत्य, अहिंसा, समानता और समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है। श्वेत ध्वज (जैतखाम) थामे हजारों श्रद्धालु आज बाबा जी की तपोभूमि में पहुंचकर मत्था टेकेंगे और आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

पदयात्रा के पांचवें दिन श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। लवन से प्रस्थान के बाद यात्रा कसडोल और छरछेद होते हुए आगे बढ़ी, जहां स्थानीय ग्रामीणों ने पदयात्रियों का स्वागत किया। छाछी, कटगी और अमोदी में जलपान व विश्राम की व्यवस्था की गई है। मटिया और मड़वा पहुंचते-पहुंचते श्रद्धालुओं का उत्साह और भी बढ़ गया। शाम तक यात्रा गिरौदपुरी धाम में प्रवेश करेगी, जहां ‘सत्यनाम’ के उद्घोष और विधि-विधान के साथ समापन कार्यक्रम आयोजित होगा।

यह पदयात्रा धार्मिक आयोजन के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बन गई है। यात्रा मार्ग में विभिन्न जाति और वर्ग के लोगों ने पदयात्रियों का स्वागत किया। पंथी नृत्य और “बाबा जी के आशीर्वाद” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। लवन से गिरौदपुरी मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस बल तैनात है। पदयात्रा के साथ एंबुलेंस और मेडिकल टीम चल रही है, ताकि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों के स्वयंसेवक पेयजल, भोजन और ठहरने की व्यवस्था में सहयोग कर रहे हैं। गिरौदपुरी धाम पहुंचने पर पदयात्री मुख्य जैतखाम की परिक्रमा करेंगे और गुरु के चरणों में मत्था टेककर प्रदेश की शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे।

Read More : महिला खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम का भूमिपूजन, सांसद विजय बघेल ने दी 5 लाख की राशि


Related Articles