Naya Raipur Premier League 2026 : नवा रायपुर प्रीमियर लीग का समापन, क्रिकेट और बैडमिंटन विजेताओं को किया गया सम्मानित

Naya Raipur Premier League 2026 : नवा रायपुर प्रीमियर लीग का समापन, क्रिकेट और बैडमिंटन विजेताओं को किया गया सम्मानित

Naya Raipur Premier League 2026 नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ एवं संचालनालयीन शासकीय कर्मचारी संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित नवा रायपुर प्रीमियर लीग 2026 का समापन भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ किया गया। इंद्रावती भवन स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित इस समारोह में क्रिकेट एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। आयोजन में मंत्रालय, संचालनालय, निगम, बोर्ड और आयोगों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समारोह में उपस्थित वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन शासकीय सेवकों के बीच आपसी समन्वय, सौहार्द और टीम भावना को मजबूत करते हैं। खेल गतिविधियाँ न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाती हैं, बल्कि कार्यक्षमता, अनुशासन और सकारात्मक सोच को भी प्रोत्साहित करती हैं। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से इस आयोजन को सराहनीय पहल बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर प्रोत्साहन देने की आवश्यकता पर बल दिया।

अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर ने अपने संबोधन में कहा कि शासकीय सेवकों के शारीरिक स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए खेल अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने लोगों को अपनी आयु और क्षमता के अनुरूप खेलों के चयन की सलाह दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नवा रायपुर प्रीमियर लीग के संयोजक कमल वर्मा ने आयोजन के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

पुरस्कार वितरण के दौरान क्रिकेट प्रतियोगिता (पुरुष वर्ग) में वन विभाग की टीम को विजेता तथा रायपुर विकास प्राधिकरण की टीम को उपविजेता घोषित कर एनपीएल ट्रॉफी प्रदान की गई। बैडमिंटन पुरुष सिंगल्स में ऊर्जा विभाग के हितेंद्र मार्कण्डेय विजेता और नगरीय प्रशासन विभाग के महेश्वर परिदा उपविजेता रहे। पुरुष डबल्स में पंचायत विभाग के अतुल चंद्राकर और पर्यावास विभाग के तरुण विजेता बने, जबकि दीपेंद्र दोरिया और धर्मेंद्र पांडे उपविजेता रहे। महिला सिंगल्स बैडमिंटन में ऊर्जा विभाग की भावना देशमुख ने विजेता और जिला पंचायत रायपुर की काजल श्रीवास ने उपविजेता का खिताब प्राप्त किया।

कार्यक्रम का संचालन देवाशीष दास ने किया। समारोह में वरिष्ठ कोषालय अधिकारी सुनील उपाध्याय द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह के खेल आयोजनों को जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

Read More : मनेंद्रगढ़ में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस योजना बनी वरदान, 5 हजार से अधिक किडनी मरीजों को मिला निःशुल्क इलाज


Related Articles